Waqf Amendment Act: वक्फ मामले पर अब बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने बीजेपी की ओर से संभाली कमान, लश्कर-ए-तबाही और लश्कर-ए-तुष्टीकरण का जिक्र कर विपक्ष को घेरा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वक्फ संशोधन बिल को कानून बने हुए कई दिन बीत चुके हैं। लेकिन अभी भी इस मामले पर सियासत गर्म है। इस बीच बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नकवी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा- वक्फ के संशोधन से साफ है कि लश्कर-ए-लूट की छूट पर सर्जिकल स्ट्राइक की गई है। ऐसे में आपको कुछ ऐसे ही लोग उत्पात मचाते नजर आएंगे और मुझे दुख है कि एक तरफ लश्कर-ए-तबाही है और दूसरी तरफ लश्कर-ए-तुष्टीकरण है। चोट लग रही है कि लशकर-ए-तबाही को और चीख निकल रही है लशकर-ए-तुष्टिकरण की।
मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा- मुझे लगता है कि हमें उन लोगों से सावधान रहना होगा जो इस तरह के भ्रम के माहौल के जरिए सामाजिक सद्भाव के ताने-बाने को नष्ट करने की साजिश करना चाहते हैं। वक्फ का संशोधन किसी धर्म के लिए नहीं बल्कि देश का कानून है। इसमें आस्था का सरंक्षण और व्यवस्था का सुधार भी है। जो लोग हिंसा कर रहे हैं, वे अक्षम्य हैं, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वहां की सरकार इस तरह से हिंसा करने वाली ताकतों को संरक्षण और समर्थन देती नजर आ रही है।
बता दें कि, वक्फ कानून को लेकर पं. बंगाल में एक बार फिर हिंसा भड़क गई है। मुर्शिदाबाद के बाद अब राज्य के दक्षिण परगना जिले के भांगड़ में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ियों में आग लगाने के साथ-साथ जमकर तोड़फोड़ की है। घटना के सामने आने के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
इससे पहले सोमवार को आईएसएफ (भारतीय धर्मनिरपेक्ष मोर्चा) विधायक नौशाद सिद्दीकी ने अपने समर्थकों के साथ वक्फ कानून के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शकारियों को पुलिस ने रोका, जिस पर वह उग्र हो गए और सड़क पर जाम लगा दिया था। इसके बाद जाम हटाने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठी चार्ज किया था।
पूरा गांव तबाह कर दिया
वहीं मुर्शिदाबाद हिंसा पर पं. बंगाल सीपीआई एम के सचिव मोहम्मद सलीम ने कहा, "काफी मशक्कत के बाद मैं उस जगह पर पहुंच पाया, जहां सारी हिंसा हुई और लोग मारे गए। वहां पुलिस मौजूद नहीं थी। गांव वालों के बार-बार अनुरोध के बावजूद पुलिस ने दंगाइयों को उत्पात मचाने दिया। पूरा गांव जला दिया गया, तबाह कर दिया गया, लूट लिया गया और वहां कोई पुलिस या दमकल की गाड़ी नहीं थी।"
Created On :  


