लोकसभा चुनाव 2024: पवन सिंह ने किया चुनाव लड़ने का एलान, सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी जानकारी

पवन सिंह ने किया चुनाव लड़ने का एलान, सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी जानकारी
  • पवन सिंह ने किया चुनाव लड़ने का एलान
  • सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी जानकारी
  • ट्रोलिंग की वजह से पीछे हट गए थे सुपर स्टार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने कुछ दिनों पहले उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। अपनी इस लिस्ट में भाजपा ने 195 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की थी। उम्मीदवारों की इस लिस्ट में भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह का नाम भी शामिल था। भाजपा ने उन्हें पश्चिम बंगाल के आसनसोल सीट से टिकट दिया था। लेकिन सोशल मीडिया पर विरोध होने के चलते उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ने में असमर्थता जताई थी। इस बीच अब सुपरस्टार ने एक बार फिर से चुनाव लड़ने के एलान कर दिया है।

पवन ने किया चुनाव लड़ने का एलान

दरअसल, पावर स्टार पवन सिंह ने बुधवार दोपहर को अपने ऑफिशियल एक्स (ट्विटर) अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया। अपने इस पोस्ट में उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव में लड़ने का एलान करते हुए लिखा, "मैं अपने समाज, जनता जनार्दन और मां से किया हुआ वादा पूरा करने के लिए चुनाव लडूंगा। आप सभी का आशीर्वाद एवं सहयोग अपेक्षित है। जय माता दी।"

चुनाव नहीं लड़ने का किया था एलान

इससे पहले पवन सिंह ने निजी कारणों का हवाला देते हुए सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए चुनाव लड़ने में असमर्थता जताते हुए टिकट वापस करने का एलान किया था। उन्होंने कहा था, "भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का दिल से आभार प्रकट करता हूं। पार्टी ने मुझ पर विश्वास कर आसनसोल का उम्मीदवार घोषित किया। लेकिन किसी कारणवश मैं आसनसोल से चुनाव नहीं लड़ पाऊंगा।''

क्यों किया था चुनाव लड़ने से इनकार?

दरअसल, भारतीय जनता पार्टी की ओर से पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से पावर स्टार पवन सिंह को उम्मीदवार बनाया गया था। लेकिन पार्टी के इस फैसले के बाद टीएमसी नेताओं ने पवन सिंह को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया था। नेताओं ने उनके गानों को लेकर खिंचाई की थी। सोशल मीडिया पर विरोध होने की वजह से उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था।

Created On :   13 March 2024 9:38 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story