लोकसभा चुनाव 2024: आसनसोल में बदलेगा सीन! पवन सिंह के टिकट वापस करने के बाद क्यों हो रही है अक्षरा सिंह के नाम की चर्चा?

आसनसोल में बदलेगा सीन! पवन सिंह के टिकट वापस करने के बाद क्यों हो रही है अक्षरा सिंह के नाम की चर्चा?
  • आसनसोल सीट से अक्षरा सिंह को उतार सकती है बीजेपी
  • पवन सिंह ने घोषणा के एक दिन बाद ही लौटाया था टिकट
  • सियासी समीकरण में फिट बैठ रही है अक्षरा सिंह

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। इस सूची में भाजपा ने 195 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की। पार्टी ने पश्चिम बंगाल के आसनसोल सीट से भोजपुरी स्टार पवन सिंह को टिकट दिया। सूची जारी होते ही विपक्षी पार्टियां भाजपा पर पवन सिंह को टिकट देने के लिए हमलावर हो गई। सोशल मीडिया पर भोजपुरी स्टार की कई फिल्मों के पोस्टर्स शेयर कर आलोचना होने लगी। इन पोस्टर्स को महिला विरोधी बताया गया जिसके बाद पार्टी ने अपनी छवि साफ रखने के लिए पवन सिंह का टिकट काट दिया। हालांकि, पर्दे पर इसे अलग तरीके से पेश किया गया जहां पार्टी ने इस फैसले में अपना रोल उजागर नहीं होने दिया। पवन सिंह ने निजी कारणों का हवाला देते हुए सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए चुनाव लड़ने में असमर्थता जताते हुए टिकट वापस करने का ऐलान कर दिया।

अक्षरा सिंह के नाम की चर्चा

पवन सिंह का टिकट कटते ही इस सीट से फेमस भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह के नाम की चर्चा तेज हो गई है। रिपोर्ट्स में कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा आसनसोल से अक्षरा सिंह को उम्मीदवार बना सकती है। हालांकि, आधिकारिक रूप से पार्टी या अक्षरा सिंह की तरफ से इस मामले पर कोई स्पष्ट टिप्पणी अभी तक नहीं आई है। आपको बता दें कि अक्षरा सिंह भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे लोकप्रिय एक्ट्रेस में से एक हैं। पवन सिंह के साथ जुड़े विवाद के अलावा उनकी छवि साफ-सुथरी है और बिहार-यूपी के लोगों के बीच एक्ट्रेस की खास लोकप्रियता है। इसके अलावा आसनसोल लोकसभा सीट के सियासी समीकरण में भी ये भोजपुरी स्टार एकदम फिट बैठती हैं। यही कारण है कि बंगाल की इस सीट पर अक्षरा सिंह को उतारने की चर्चा इतनी तेज है।

आसनसोल का समीकरण

आसनसोल लोकसभा सीट में बिहारी और गैर-बंगाली वोटरों का अहम रोल है। इस सीट पर गैर बंगाली वोटरों की संख्या करीब 5 प्रतिशत है जिसमें बिहार और झारखंड के रहने वाले लोग मुख्य रूप से शामिल हैं। इनमें ज्यादातर लोग कोयला खदान और स्टील फैक्ट्री में काम करने वाले हैं। यही वजह है कि किसी भोजपुरी स्टार को इस सीट से मैदान में उतारने पर इन 5 प्रतिशत वोटरों का सीधा फायदा मिल सकता है। अक्षरा सिंह जैसी लोकप्रिय भोजपुरी स्टार को आसनसोल से उम्मीदवार बनाकर भाजपा सीधा फायदा उठा सकती है। इसके अलावा अक्षरा सिंह भी राजनीतिक महत्वकांक्षा रखती है जिस वजह से इस तरह की अटकलों को खासा तूल मिल रहा है।

पवन सिंह के साथ रहा है विवादित रिश्ता

वैसे तो सार्वजनिक तौर पर अक्षरा सिंह की छवि साफ है लेकिन निजी वजहों से उनपर कई दाग लगे हैं। पवन सिंह के साथ उनका रिश्ता काफी विवादित रहा है और उनके चरित्र तक को उछाला जा चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहली पत्नी के आत्महत्या कर लेने के बाद पवन सिंह और अक्षरा सिंह का रिश्ता परवान चढ़ा था लेकिन, इसी बीच पवन ने दूसरी शादी कर ली। इसके बाद दूसरी पत्नी ने अक्षरा पर शादीशुदा पवन सिंह के साथ अवैद्य रिश्ता रखने का आरोप लगाया था। एक समय था जब दोनों भोजपुरी स्टार की नजदीकियों की चर्चा पूरी तरह फैली हुई थी लेकिन, जब रिश्ता टूटा तो हर तरफ से सिर्फ कीचड़ ही उछाले गए।

Created On :   5 March 2024 7:30 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story