CEC Controversy: ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाने पर सपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लिया ऐक्शन, 10 के खिलाफ केस दर्ज

ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाने पर सपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लिया ऐक्शन, 10  के खिलाफ केस दर्ज

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़े स्तर पर प्रदर्शन चल रहा है। इसी बीच यूपी के महोबा में समाजवादी पार्टी (SP) के कार्यकर्ताओं द्वारा सीईसी चीफ का पुतला दहन करना भारी पड़ गया। पुलिस ने मामले पर एक्शन लेते हुए सपा जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव समेत 10 नामजद और 15-20 अज्ञात कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किया है।

सपा कार्यकर्ताओं पर किस धारा के तहत की गई कार्रवाई?

सपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 189(2) और 285 के तहत यह कार्रवाई की है। महोबा शहर में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार और CEC चीफ के खिलाफ प्रदर्शन किया था। उन्होंने एक पैदल मार्च भी निकाला जो आंबेडकर पार्क तक पहुंचा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने लिया एक्शन

आंबेडकर पार्क में कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। पार्क के बाहर आल्हा चौक पर छात्र संघ जिलाध्यक्ष गंगा यादव, संजय यादव, अंकित पटेल और लालू यादव समेत कई लोग मौजूद थे। अचानक पुतला दहन करने पर चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपनिरीक्षक पवन गौड़ की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने कानूनी शिकंजा कसा है।

पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ दर्ज किया नामजद केस

पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव, उपाध्यक्ष प्रेम विश्वकर्मा, पप्पन यादव, योगेश यादव योगी, कल्लू यादव, महेंद्र बीरा, गंगा यादव, संजय यादव, अंकित पटेल और लालू यादव को नामजद किया है। इसके अलावा 15 से 20 अज्ञात लोगों पर भी भारतीय न्याय संहिता की धारा 189(2) और 285 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

Created On :   9 Oct 2026 7:27 PM IST

Tags

Next Story