Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में 'राणे ब्रदर्स' के बीच कलह से सियासी हलचल तेज! क्या मंत्री नितेश राणे को भाई निलेश राणे की सलाह से महायुति में आ जाएगी दरार?

- महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में हलचल तेज
- मंत्री नितेश राणे और निलेश राणे में तनातनी
- राणे ब्रदर्स की कलह से महायुति में दरार की अटकलें
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में रत्नागिरि-सिंधुदुर्ग लोकसभा सीट से भाजपा सांसद नारायण राणे के बेटों के बीच घमासान से सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। दरअसल, उनके एक बेटे नितेश राणे भाजपा सरकार में मंत्री है, जबकि दूसरे बेटे निलेश राणे शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक हैं।
राणे ब्रदर्स में कलह से सियासी हलचल तेज
दरअसल, हाल ही में मंत्री नितेश राणे धाराशिव में आयोजित एक पार्टी सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लेकर बयान दिया था। नितेश राणे ने कहा था, "कोई कितना भी ताकत दिखाए, कोई कैसे भी नाचे, फिर भी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही रहेंगे और राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ही होंगे। ध्यान रखिए, मुख्यमंत्री पद पर बैठा नेता बीजेपी का ही है।"
नितेश राणे के इस बयान के बाद उनके भाई और कुडाळ क्षेत्र विधायक निलेश राणे ने सोशल मीडिया एक्स पर एक ट्वीट किया था। इस ट्वीट में उन्होंने नितेश राणे को सलाह दी थी। इस पर नितेश राणे का जवाब सामने आया था, जिसके बाद से ही माना जा रहा है कि राणे ब्रदर्स के बीच तनातनी शुरू हो गई है।
बता दें, नितेश राणे ने एक्स पर एक पोस्ट में पार्टी के एक कार्यकर्ता के व्हाट्सएप चैट का स्कीनशॉट शेयर किया था। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने मैसेज देकर क्लियर कर दिया था कि महायुति सरकार में शामिल किसी भी कार्यकर्ता को धमकाना सरासर गलत है।
नितेश राणे ने एक्स पर लिखा था, "आदरणीय निलेश जी, आपने कुछ दिन पहले महायुति के बारे में बात की थी। अब आप ही हमारे मित्र दल के एक पदाधिकारी को धमका रहे हैं, यह सही नहीं है। आखिरकार हम सभी महायुति का हिस्सा हैं। मुझे उम्मीद है कि आप इस बात पर ध्यान देंगे।"
निलेश राणे ने भाई नितेश को दी कौन सी सलाह?
दरअसल, जब नितेश राणे ने कहा था, "सबका बाप बीजेपी का मुख्यमंत्री ही रहेगा", तब इस पर निलेश राणे ने एक्स पर ट्वीट करते हुए नितेश को सलाह दी थी कि उन्हें संभलकर बोलना चाहिए। निलेश राणे ने एक्स पर लिखा था, "मैं आपसे मिलकर बात करूंगा, लेकिन सार्वजनिक मंच पर बोलते समय सभी बातों का ध्यान रखना जरूरी है। भाषण देना आसान है, पर हमें ये समझना होगा कि हमारे बोलने से किसका फायदा हो रहा है। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि हम महायुति में हैं।" इस पोस्ट पर नितेश राणे ने व्यंग करते हुए कहा था, "निलेशजी, आप तो Tax Free हैं।" इसके कुछ समय बाद निलेश राणे ने अपनी वह पोस्ट डिलीट कर दी थी।
Created On :   19 Jun 2025 2:53 PM IST