Bihar MLC Election Result: प्रशांत किशोर की जन सुराज ने दरभंगा सीट पर फहराया परचम, कांग्रेस के उम्मीदवार को दी मात

प्रशांत किशोर की जन सुराज ने दरभंगा सीट पर फहराया परचम, कांग्रेस के उम्मीदवार को दी मात
बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव के लिए मतगणना जारी है। अभी तक तिरहुत, सारण और दरभंगा शिक्षक सीट के नतीजे आ गए हैं। दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज ने जीत हासिल की है।

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव के लिए मतगणना जारी है। अभी तक तिरहुत, सारण और दरभंगा शिक्षक सीट के नतीजे आ गए हैं। दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज ने जीत हासिल की है।

जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार सुरेश प्रसाद राय ने 324 वोटों से जीत हासिल की है। बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मदन मोहन झा सिटिंग एमएलसी थे। सुरेश प्रसाद राय की इस जीत के साथ ही जनसुराज का एमएलसी चुनाव में खाता खुल गया है।

इस जीत के बाद जन सुराज समर्थकों में उत्साह का माहौल है। नई पार्टी के लिहाज से ये जीत काफी अहम मानी जा रही है।

तिरहुत में बीजेपी और सारंग में निर्दलीय की जीत

बात करें तिरहुत और सारंग शिक्षक सीट की तो इनमें से एक पर बीजेपी जबकि दूसरे पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। तिरहुत सीट पर बीजेपी के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत दर्ज की है। उनकी जीत पर सीएम सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, " नरेंद्र सिंह जी की जीत पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह विजय शिक्षकों के NDA पर विश्वास का प्रतीक है। विश्वास है कि आप शिक्षक हितों, सम्मान और शिक्षा के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करेंगे।"

वहीं सारंग सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 4965 वोट मिले। यहां जनसुराज के प्रत्याशी अफाक अहमद शुरुआत में आगे चल रहे थे लेकिन आखिर में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

राज्य की 8 सीटों पर चुनाव

बता दें कि बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक सीट पर चुनाव हो रहे हैं। इनमें पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी स्नातक सीट जबकि पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक सीट हैं।

इन आठ सीटों पर कुल 150 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा, जिनमें 90 स्नातक और 60 शिक्षक सीट के उम्मीदवार हैं। स्नातक सीटों पर कुल 4,92,594 और शिक्षक सीटों पर 40,253 थे।

Created On :  

Tags

Next Story