अखिलेश यादव को मिला आप का साथ: संजय सिंह ने किया बिना शर्त समर्थन का ऐलान, बोले - 'यह तानाशाह हुकूमत के खिलाफ एकजुट होने का चुनाव'

संजय सिंह ने किया बिना शर्त समर्थन का ऐलान, बोले - यह तानाशाह हुकूमत के खिलाफ एकजुट होने का चुनाव
  • यूपी में सपा का समर्थन करेगी आप
  • संजय सिंह ने अखिलेश यादव के साथ की मीटिंग
  • बिना किसी कंडीशन के दिया समर्थन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। सभी दल इस सियासी महामुकाबले को जीतने के लिए अपनी कमर कस चुके हैं। इस बीच आम आदमी पार्टी ने बड़ा ऐलान करते हुए यूपी में सपा का सपोर्ट करने का ऐलान किया। दरअसल, जेल से निकलने के बाद आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव से लखनऊ स्थित कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान संजय सिंह ने अखिलेश यादव के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिसमें उन्होंने कहा कि अब राज्य में उनकी पार्टी के कार्यकर्ता सपा के उम्मीदवारों को जिताने के लिए काम करेंगे।

'साथ देने के लिए कोई कंडीशन नहीं'

संजय सिंह ने कहा कि ऐसी संकट की घड़ी में जब दिल्ली के मुखिया को जेल भेज दिया गया है। दिल्ली में ऑपरेशन लोटस की शुरूआत कर दी है। इस मुश्किल घड़ी में अखिलेश यादव और उनकी पार्टी ने हमारा साथ दिया। हम उनके आभारी हैं। यह कोई सामान्य चुनाव नहीं बल्कि लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। बाबा साहेब अंबेडकर को बचाने का चुनाव है। तानाशाह के विरुद्ध लोगों को एकजुट करने का चुनाव है।

आप नेता ने आगे कहा कि यूपी में हमारे कार्यकर्ता सपा और इंडिया गठबंधन के अन्य उम्मीदवारों को जिताने का काम करेंगे। राज्य में हमारी किसी सीट की मांग नहीं है, हम लोकतंत्र को बचाने के लिए सपोर्ट कर रहे हैं। साथ देने की कोई कंडीशन या शर्त नहीं है।

'बीजेपी न करे नैतिकता की बात'

प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय सिंह ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, "मणिपुर के मुख्यमंत्री का इस्तीफा नहीं चाहिए लेकिन अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा चाहिए। नैतिकता की बात तो बीजेपी को नहीं करनी चाहिए। चुन चुन कर देश के बड़े भ्रष्टाचारियों को अपने पार्टी में ले रहे हैं। दिल्ली में जो हुआ उस समय अखिलेश यादव हमारे साथ रहे। अखिलेश यादव और सपा का साथ देने के लिए आभार व्यक्त करते हैं।"

'यह चुनाव तानाशाही हुकूमत के खिलाफ'

संजय सिंह ने समाजवादी पार्टी को यूपी में समर्थन देने का ऐलान करते हुए कहा, "हम यूपी का चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। हमारे कार्यकर्ता इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों के जिताने के लिए काम करेंगे। यह चुनाव तानाशाह हुकूमत के खिलाफ लोगों को एकमत करने का चुनाव है।"

आप के राज्यसभा सांसद ने कहा कि इस चुनाव पर दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं। सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी पर उनके समर्थन में दिल्ली में एक मेगा रैली हुई। जिस तरह से झूठे मुकदमे लगाकर एक मुख्यमंत्री को जेल भेजा गया उससे भारत की छवि दुनियाभर में खराब हुई है। झारखंड में भी मुख्यमंत्री को जेल भेजा गया। आप आदमी पार्टी और विपक्ष के नेताओं द्वारा बीजेपी ज्वाइन करने पर संजय सिंह ने कहा कि उन सभी का शरीर बीजेपी में जा रहा है लेकिन आत्मा अभी भी हमारे साथ है। बीजेपी केवल डरवाकर अपना एजेंडा सेट कर रही है। इस चुनाव में जनता इसका जवाब देने वाली है।

Created On :   12 April 2024 2:49 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story