2024 के लोकसभा चुनाव: लोकसभा चुनाव में डिजिटल लड़ाई के लिए तैयार सोशल मीडिया के धुरंधर

लोकसभा चुनाव में डिजिटल लड़ाई के लिए तैयार सोशल मीडिया के धुरंधर
  • 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले ग्राउंड पर अपनी पार्टी को मजबूती देना तो एक बात है।
  • मगर सोशल मीडिया भी बड़े हथियार के रूप में सामने आया है।

ज़माना आधुनिक है तो लड़ाई भी आधुनिक हो चली हैं। आज के डिजिटल युग में चुनावों पर भी डिजिटल क्रांति का असर दिखा है। 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले ग्राउंड पर अपनी पार्टी को मजबूती देना तो एक बात है। मगर सोशल मीडिया भी बड़े हथियार के रूप में सामने आया है। उत्तराखंड में भी कई मंत्री और नेता हैं, जिनकी सोशल मीडिया पर लोकप्रियता का लाभ उनकी पार्टी को मिल सकता है।

• पुष्कर सिंह धामी (फॉलोवर्स 93 लाख +)

देवभूमि के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को फेसबुक पेज पर फॉलो करने वालों की संख्या में तेज गति से वृद्धि हुई है। बतौर सीएम, अपने अब तक के कार्यकाल में धामी ने भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी पीछे छोड़ दिया है। फेसबुक पर उनके 83 लाख फॉलोअर्स हैं।

• रमेश पोखरियाल निशंक (फॉलोवर्स 29 लाख +)

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक भी जनता के बीच में चर्चित नाम हैं। सोशल मीडिया पर उन्हें चाहने वालों की संख्या 29 लाख से भी अधिक है। फेसबुक और ट्विटर उनके मजबूत पक्ष हैं।

• हरीश रावत (फॉलोवर्स 24 लाख +)

कांग्रेस के दिग्गज नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी अपने सोशल मीडिया पर खासा एक्टिव रहते हैं। उनके सर्वाधिक फॉलोवर्स (1.9 मिलियन) फेसबुक पर हैं। कांग्रेस हाईकमान को उत्तराखंड से जोड़ने और जनता के साथ एक अच्छा ब्रिज बनाने के लिए हरीश रावत का सोशल मीडिया बहुत प्रभावी रोल निभा सकता है।

• त्रिवेंद्र सिंह रावत (फॉलोवर्स 18 लाख +)

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के फेसबुक पर 15 लाख और ट्विटर पर करीब करीब तीन लाख फॉलोवर्स हैं। कुल मिलाकर उन्हें सोशल मीडिया पर 18 लाख 46 हज़ार से भी ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। पूर्व में सीएम रहकर लोकप्रियता पाने वाले त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जनता के साथ अपना संबंध फीका नहीं पड़ने दिया है।

• सौरभ बहुगुणा (फॉलोवर्स लगभग 12 लाख)

देवभूमि उत्तराखंड के सबसे युवा और जनता के चहेते मंत्री माने जाने वाले सौरभ बहुगुणा ने कम समय में धरातल और सोशल मीडिया पर अलग पहचान बनाई है। फेसबुक, इंस्टाग्राम पर युवाओं में पशुपालन मंत्री बहुगुणा का क्रेज साफ झलकता है।

• डॉ धन सिंह रावत (फॉलोवर्स 10 लाख +)

सूबे के स्वास्थ्य, शिक्षा और सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत वर्तमान में प्रदेश के सबसे सक्रिय मंत्री माने जाते हैं। ना केवल धरातल पर, लेकिन सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी पैठ है। 10 लाख 48 हज़ार से अधिक फॉलोवर्स लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रचार में काम आएंगे, ऐसा माना जाता है।

• गणेश जोशी (फॉलोवर्स 8 लाख +)

उत्तराखंड सरकार में कृषि एवं किसान कल्याण, सैनिक कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री गणेश जोशी के सोशल मीडिया के आंकड़े काफी विश्वास देने वाले हैं। फेसबुक पर साढ़े सात लाख फॉलोवर्स होने के अलावा इंस्टाग्राम और ट्विटर पर भी उनकी अच्छी पकड़ है।

• तीरथ सिंह रावत (फॉलोवर्स सात लाख +)

पूर्व में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री भी रहे, भाजपा सांसद तीरथ सिंह रावत का गढ़वाल में अच्छा खास वर्चस्व है। उन्हें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर 7 लाख 24 हज़ार से भी अधिक लोग फॉलो करते हैं।

• प्रेमचंद अग्रवाल (फॉलोवर्स पौने तीन लाख)

कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल भी बाकी मंत्रियों की तरह डिजिटल नेटवर्क को साधने के मामले में सफल रहे हैं। फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर को मिलाकर उनके फॉलोवर्स की गिनती 2 लाख 76 हजार से भी अधिक है, जो कोई कम बड़ी बात नहीं।

• सतपाल महाराज (फॉलोवर्स 2.6 लाख +)

उत्तराखंड के लोक निर्माण विभाग, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का कद किसी से छिपा नहीं है। उत्तराखंड की राजनीति के एक कद्दावर नेता और कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का सबसे मजबूत पक्ष फेसबुक है, जहां उनके एक लाख 74 हज़ार करीब फॉलोवर्स हैं।

• रेखा आर्य (फॉलोवर्स 1.65 लाख +)

कैबिनेट में अकेली महिला मंत्री होने के चलते रेखा आर्य का कद किसी परिचय का मोहताज नहीं। सोशल मीडिया पर उनके अच्छे खासे फॉलोवर्स, इस बात का उदाहरण हैं कि आगामी चुनावों में वह डिजिटल माध्यम से भाजपा को ठीक ठाक बूस्ट दे सकती हैं।

• सुबोध उनियाल (फॉलोवर्स सवा लाख +)

उत्तराखंड कैबिनेट में बतौर वन, भाषा, तकनीकी शिक्षा मंत्री के रूप में दायित्व संभाल रहे सुबोध उनियाल फेसबुक पर अच्छी पकड़ रखते हैं। एक लाख 22 हजार फॉलोवर्स का आंकड़ा, व्यक्तिगत और पार्टी के स्तर से अच्छे संकेत देने वाला आंकड़ा नज़र आता है।

• भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट (फॉलोवर्स करीब 90 हजार)

उत्तराखंड भाजपा के मुखिया महेंद्र भट्ट गढ़वाल बेल्ट में अच्छी पकड़ रखते हैं। उनके सोशल मीडिया पर ठीक ठाक फॉलोविंग भी आने वाले समय में भाजपा के अच्छे प्रदर्शन का कारक बन सकती है।

• यशपाल आर्य (फॉलोवर्स 44 हज़ार +)

वर्तमान में उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य के लिए लोकसभा चुनाव एक बड़े टेस्ट की तरह होगा। एक तरफ जहां वो गेंद को कांग्रेस के पाले में लाना चाहेंगे वहीं, कांग्रेस द्वारा जताए गए भरोसे पर भी उन्हें खरा उतरना होगा।

• कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा (फॉलोवर्स 32 हज़ार +)

कांग्रेस पार्टी सोशल मीडिया पर पकड़ बनाने में भाजपा से पीछे रही है। पिछले कुछ सालों में उनके पतन का एक मुख्य कारण भी यह रहा है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा आने वाले समय में अपने सोशल मीडिया को और लोकप्रिय करते हुए जनता के साथ बेहतर कनेक्टिविटी चाहेंगे।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2024 की सुगबुगाहट शुरू हो चुकी है। जंग मैदान पर शुरू हो, इससे पहले ही डिजिटल माध्यम से छिड़ जाती है। चाहे वो भारतीय जनता पार्टी की सरकार के मंत्री हों या कांग्रेस के दिग्गज नेता, इस बार की लड़ाई सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को रिझाने पर भी निर्भर करेगी। फिलहाल वक्त में इस पूरी लिस्ट का सबसे काबिल नाम हैं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। युवा उन्हें सोशल मीडिया पर देखना पसंद करता है और यह चीज़ पूरी तरह भाजपा के पक्ष में जा सकती है।

Created On :   5 Dec 2023 7:47 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story