Sonam Wangchuk: सोनम वांगचुक की जेल से रिहाई पर क्या बोले कांग्रेस नेता, भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर भी उठाए गंभीर सवाल

डिजिटल डेस्क, लेह। लद्दाख में भड़की हिंसा के बाद हिरासत में लिए गए शिक्षा सुधारक और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को केंद्र सरकार ने रिहा करने का फैसला लिया है। सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत उनकी हिरासत को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व CM अशोक गहलोत की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के इस फैसले पर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। गहलोत ने कहा वांगचुक 170 दिन तक हिरासत में रहे हैं इसका हिसाब कौन देगा? जरा बताइए उन्हें गिरफ्तार क्यों किया गया था?
कांग्रेस सांसद ने एक्स पर क्या कहा?
गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक जी की रिहाई का समाचार सुखद है, लेकिन यह पूरा मामला केंद्र की मोदी सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यह कैसी विडंबना है? जो सोनम वांगचुक कभी PM नरेंद्र मोदी की नीतियों के समर्थक रहे, जब उन्होंने लद्दाख के हक और पर्यावरण के लिए आवाज उठाई, तो उन्हें NSA (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) जैसी कठोर धाराओं में बांधकर जोधपुर जेल भेज दिया गया।''
वांगचुक को हिरासत में क्यों लिया गया था- गहलोत
उन्होंने आगे लिखा, ''जिस व्यक्ति को कुछ महीने पहले 'देश की सुरक्षा के लिए खतरा' बताकर जेल की सलाखों के पीछे डाला गया, उन्हें आज अचानक रिहा करने की बात आई यानी उनके खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं मिले. ऐसे में उनकी हिरासत के 170 दिनों का हिसाब कौन देगा? उन्हें गिरफ्तार क्यों किया गया था?''
कानूनों का इस्तेमाल करना निंदनीय
कांग्रेस नेता ने प्रश्न करते हुए कहा क्या राष्ट्रीय सुरक्षा की परिभाषा अब बीजेपी के राजनीतिक नफा-नुकसान से तय की जाएगी? तानाशाही प्रवृत्ति से कानूनों का ऐसा 'सुविधाजनक इस्तेमाल' न केवल निंदनीय है, बल्कि हमारी लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर भी गहरा आघात है। देश की जनता उनके इस रवैए को देख रही है।
सोनम वांगचुक की रिहाई को लेकर देशभर में राजनीतिक माहौल गर्म है। कांग्रेस सहित कई विपक्षी पार्टियों ने इस भाजपा सरकार की गलती बताया है। वहीं, सरकार कह रही है कि हमने यह कदम देश की सुरक्षा को देखते हुए उठाया था। बता दें, 24 सितंबर 2025 को लेह में हिंसक प्रदर्शन के बाद सोनव वांगचुक को गिरफ्तार किया गया था।
Created On :   14 March 2026 8:59 PM IST












