Sonam Wangchuk Released from Jail: 'जनता को धोखा दिया बल्कि उनके साथ भी ऐसा...' सोनम वांगचुक की रिहाई पर अखिलेश यादव ने BJP पर धोखा देने का लगाया आरोप

जनता को धोखा दिया बल्कि उनके साथ भी ऐसा... सोनम वांगचुक की रिहाई पर अखिलेश यादव ने BJP पर धोखा देने का लगाया आरोप
लद्दाख के जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की रिहाई पर समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। लद्दाख के जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की रिहाई पर समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि सवाल इस बात का है कि उन्हें जेल भेजा ही क्यों गया था? उन्हें जेल में नहीं रखना था। वो जिस बात का आंदोलन कर रहे थे, उसका बीजेपी को समर्थन करना चाहिए था। बता दें कि उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत गिरफ्तार किया गया था। जिसे केंद्र सरकार ने हटा दिया है।

'BJP ने दिया था आश्वासन'

न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, "बीजेपी ने ही आश्वासन दिया था कि उन्हें स्टेटहुड का पूरा दर्जा मिलेगा। स्टेटहुड की पूरी पावर मिलेंगी लेकिन बीजेपी ने उनके साथ धोखा किया। न सिर्फ जनता को धोखा दिया बल्कि वांगचुक के साथ भी ऐसा व्यवहार किया और उन्हें जेल में जाना पड़ा।"

सोमन वांगचुक को कब किया गिरफ्तार?

सोमन वांगचुक लद्दाख को राज्य का दर्जा दिलाने और संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग कर रहे थे। जिसके लिए वो लेह में 24 सितंबर, 2025 को शांतिपूर्ण अनशन कर रहे थे। इस दौरान वहां पर हिंसक प्रदर्शन देखने को मिला। जिसके चलते उन्हें 26 सितंबर को हिरासत में ले लिया गया और उन्हें तत्काल जोधपुर सेंट्रल जेल ट्रांसफर कर दिया गया। उन पर विरोध प्रदर्शन को भड़काने के आरोप में लेह के जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। जिसे शनिवार (14 मार्च) को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हटा दिया।

आधा समय जेल में बिताया

इस अधिनियम के तहत सोनम वांगचुक करीब आधा समय जेल में बिता चुके हैं। रातानाडा थाना प्रभारी दिनेश लखावत ने बताया, "केंद्र सरकार के आदेश के बाद वांगचुक को आज दोपहर करीब 1:30 बजे जेल से रिहा कर दिया गया।" कानून कार्रवाई को पूरा करने के लिए, उनकी पत्नी गीतांजलि अंगमो वहां पर मौजूद थीं।

Created On :   14 March 2026 5:40 PM IST

Tags

Next Story