विधानसभा चुनाव 2026: पीएम मोदी ने असम से कांग्रेस पर साधा निशाना, जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कांग्रेस की सरकारों ने पूर्वोत्तर को दिल्ली और दिल, दोनों से ही दूर रखा

पीएम मोदी ने असम से कांग्रेस पर साधा निशाना, जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कांग्रेस की सरकारों ने पूर्वोत्तर को दिल्ली और दिल, दोनों से ही दूर रखा
सिलचर को तो बराक घाटी का गेटवे कहा जाता है। यह वह जगह है जहां इतिहास, भाषा, संस्कृति और उद्यम ने मिलकर अपनी एक विशेष पहचान बनाई।

डिजिटल डेस्क, सिलचर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा सिलचर को तो बराक घाटी का गेटवे कहा जाता है। यह वह जगह है जहां इतिहास, भाषा, संस्कृति और उद्यम ने मिलकर अपनी एक विशेष पहचान बनाई। यहां इतनी विविधता को अपनी ताकत बनाकर आप सभी भाईचारे के साथ, सद्भाव के साथ इस पूरे क्षेत्र का विकास कर रहे हैं, यह बराक घाटी का बहुत बड़ा सामर्थ्य है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिलांग-सिलचर कॉरिडोर का भूमि पूजन किया। यह पूर्वोत्तर भारत का पहला एक्सेस-नियंत्रित ग्रीनफील्ड चार-लेन वाला हाई-स्पीड कॉरिडोर है। लगभग 22,860 करोड़ रुपये के निवेश से बनने वाला यह 166 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर, मेघालय और असम के बीच कनेक्टिविटी में काफी सुधार लाएगा। इस परियोजना से गुवाहाटी और सिलचर के बीच की दूरी कम हो जाएगी और यात्रा का समय 8.5 घंटे से घटकर लगभग 5 घंटे रह जाएगा, जिससे इस क्षेत्र में आर्थिक विकास और सीमा-पार व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा आजादी के अनेक दशकों तक कांग्रेस की सरकारों ने पूर्वोत्तर को दिल्ली और दिल, दोनों से ही दूर रखा। कांग्रेस ने पूर्वोत्तर को एक प्रकार से भूला दिया था लेकिन भाजपा की डबल इंजन सरकार ने पूर्वोत्तर को ऐसे जोड़ा है कि आज हर तरफ इसकी चर्चा है। आज पूर्वोत्तर भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी का केंद्र है, दक्षिण पूर्व एशिया के साथ भारत को जोड़ने वाला सेतु बन रहा है।

पीएम मोदी ने कहा जैसे कांग्रेस ने पूर्वोत्तर को अपने हाल पर छोड़ दिया था, ठीक वैसे ही बराक घाटी को भी बेहाल करने में कांग्रेस की बड़ी भूमिका रही है। जब देश आजाद हुआ तो कांग्रेस ने ऐसी सीमा खींचने दी जिससे बराक घाटी का समुद्र से संपर्क ही हट गया, जो बराक घाटी कभी एक औद्योगिक केंद्र के रूप में जानी जाती थी उससे उसकी ताकत ही छीन ली गई। आजादी के बाद भी दशकों तक कांग्रेस की सरकारें रही लेकिन बराक घाटी के विकास के लिए कुछ खास नहीं हुआ। भाजपा की डबल इंजन सरकार इस स्थिति को बदल रही है।

Created On :   14 March 2026 1:50 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story