केंद्र सरकार पर बिफरा विपक्ष: गृह मंत्रालय के आदेश पर अखिलेश-डिंपल यादव ने जताई नाराजागी, इन मुद्दों को लेकर सुनाई खरी-खरी

गृह मंत्रालय के आदेश पर अखिलेश-डिंपल यादव ने जताई नाराजागी, इन मुद्दों को लेकर सुनाई खरी-खरी
दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के खिलाफ विपक्ष का मोर्चा दिन पर दिन जोर पकड़ता जा रहा है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सोमवार को जंतर-मंतर को आधिकारिक प्रदर्शन स्थल की लिस्ट से हटाने का आदेश दिया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के खिलाफ विपक्ष का मोर्चा दिन पर दिन जोर पकड़ता जा रहा है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सोमवार को जंतर-मंतर को आधिकारिक प्रदर्शन स्थल की लिस्ट से हटाने का आदेश दिया है। इस आदेश पर समाजवादी पार्टी की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।

गृह मंत्रालय के आदेश पर सपा का विरोध

केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश पर सपा चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि कोई भी धरना प्रदर्शन से नहीं रोक सकता। अखिलेश यादव से जब जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन की जगह के तौर पर डी-नोटिफाई करने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा हम जहाँ भी विरोध-प्रदर्शन करेंगे, वही जगह जंतर-मंतर होगी। ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए

अखिलेश यादव के अलावा सपा सांसद डिंपल यादव ने इस मामले पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट सोशल मीडिया पर लिखा है। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा कि जगह बदलने से जन-जागरण नहीं रोक पाओगे। जंतर-मंतर से गृह मंत्रालय ने प्रदर्शन स्थल का दर्जा छीन लिया है। सरकार को अगर ये लग रहा है कि किसी जगह को बंद कर देने से वो आम आदमी की न्याय की आवाज दबा देगी तो ये सरकार की सबसे बड़ी भूल है।

डिंपल यादव ने कहा कि वोट-चोरी, चंदा चोरी, पर्चा लीक, महंगाई, बेरोजगारी, बढ़ता अपराध, हर जगह व्याप्त भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ हर भारतीय की आवाज ही जंतर मंतर बन चुकी है। हर चौपाल, हर नुक्कड़, हर पगडंडी, हर सड़क, हर गाँव, हर घर, हर व्यक्ति जो बचाने निकला है लोकतंत्र। अब है जंतर- मंतर। चारों दिशाओं से स्पष्ट आवाज ये आती है, सिंहासन खाली करो कि जनता आती है।

जानें पूरा मामला

दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सीजेपी और इंडिया गठबंधन इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही है। हालांकि, अब केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जंतर-मंतर को प्रोटेस्ट के रूप में डी-नोटिफाई कर दिया है। तीन नई जगहें तय की गई हैं, जिसमें पूर्वी दिल्ली का रामलीला ग्राउंड, बुराड़ी ग्राउंड और CBD ग्राउंड है। बता दें कि गृह मंत्रालय ने मौजूदा निर्धारित स्थल जंतर-मंतर की जगह वैकल्पिक स्थलों की जांच के लिए कमेटी बनाई थी। कमेटी की सिफारिश पर जंतर-मंतर को विरोध और प्रदर्शन स्थल के रूप में डी-नोटिफाई कर दिया गया।

Created On :   12 Oct 2026 7:25 PM IST

Tags

Next Story