संसद का विशेष सत्र: संसद के विशेष सत्र में सरकार ला सकती है महिला आरक्षण बिल, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा- 'आज का दिन बेहद ही भावुक करने वाला'

- आज से शुरू सदन का विशेष सत्र
- विपक्षी गठबंधन इंडिया सरकार पर हमलावर
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संसद का आज से विशेष सत्र शुरू हो रहा है। संसद के विशेष सत्र में एक देश एक चुनाव, महिला आरक्षण, समान नागरिक संहिता सहित कई संविधान संशोधन समेत बिल पेश होने की अटकलें हैं। अगर केंद्र की मोदी सरकार ये बिल सदन में पेश करती है तो इस पर हंगामा होना तय माना जा रहा है। संसद का विशेष सत्र पांच दिन यानि आज से 22 सितंबर तक चलने वाला है।
बीते दिन यानी 17 सितंबर रविवार को उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने नए भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया था। इस खास मौके पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी मौजूद रहे। आज सत्र के पहले दिन राज्यसभा में 75 सालों की संसदीय यात्रा, उपलब्धियां, अनुभव, यादों और सीख पर चर्चा होने वाली है। विशेष सत्र के पहले दिन की कार्यवाही पुरानी संसद में ही होगी। इसके बाद 19 सितंबर से नई संसद भवन में कार्यवाही होगी।
सदन के विशेष सत्र को लेकर संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, पहले दिन सत्र पुराने संसद भवन में ही चलेगा। अगले दिन यानी 19 सितंबर को पुराने संसद में फोटो सेशन होगा, फिर 11 बजे सेंट्रल हॉल में एक समारोह का आयोजन होगा। उसके बाद हम नई संसद में प्रवेश करेंगे। नई संसद में 19 सितंबर से संसद का सत्र चलेगा और 20 से नियमित रूप से सरकारी कामकाज होने लगेगा।
Live Updates
- 18 Sep 2023 8:05 AM GMT
पुराने संसद भवन से हमारा भावनात्मक जुड़ाव- केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी
केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने आज पुराने संसद भवन के 75 साल के इतिहास के बारे में बताया। नए संसद भवन का भी अपना महत्व है, उसमें नई तकनीक हैं। पुराने संसद भवन से हमारा भावनात्मक जुड़ाव है।
- 18 Sep 2023 7:53 AM GMT
खड़गे ने क्या कहा?
संसद के विशेष सत्र में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, नेहरू जी का मानना था कि मजबूत विपक्ष की अनुपस्थिति का अर्थ है कि व्यवस्था में महत्वपूर्ण खामियां हैं। अगर मजबूत विपक्ष नहीं है तो यह ठीक नहीं है। अब जब एक मजबूत विपक्ष है, तो ईडी,सीबीआई के माध्यम से इसे कमजोर करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। उन्हें (अपनी पार्टी में) ले जाओ, उन्हें वॉशिंग मशीन में डाल दो और जब वे पूरी तरह साफ होकर बाहर आ जाएं तो उन्हें (अपनी पार्टी में) स्थायी कर दो। आप देख सकते हैं कि आज क्या हो रहा है। पीएम संसद में कम ही आते हैं और जब आते हैं तो इसे इवेंट बनाकर चले जाते हैं।
- 18 Sep 2023 7:44 AM GMT
थरूर ने क्या कहा?
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, "यह इमारत यादों से भरी है। जैसा कि प्रधानमंत्री ने कहा, यह इतिहास से भरा है। यह दुख का क्षण है। आशा है कि नए भवन में सांसदों के लिए अच्छी सुविधाएं होंगी। मुझे लगता है कि हम सभी इस बात को लेकर असमंजस में थे कि यह सत्र क्यों जरूरी था, बहुत सारे बिल जिनके बारे में बात हो रही है, उन्हें बाद में पेश किया जा सकता था। लेकिन अब यह स्पष्ट हो गया है कि सरकार एक भवन से दूसरे भवन में स्थानांतरण का एक विशेष क्षण बनाना चाहती थी और उन्होंने इसे एक विशेष तरीके से करने की कोशिश की है और हम इसे समझ सकते हैं।"
- 18 Sep 2023 7:40 AM GMT
पुराने संसद भवन का बहुत पुराना इतिहास- केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी
केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने पीएम के संबोधन पर कहा, जैसा प्रधानमंत्री ने कहा, बदलाव जीवन का हिस्सा है। जैसे-जैसे समय बदलता है इमारतें और लोग बदलते हैं। इस पुराने संसद भवन का बहुत पुराना इतिहास है, बहुत से लोग इस भवन में आए-गए। 370 का हटना, जीएसटी का लागू होना, बहुत से पुराने लोगों को आते-जाते यहीं से देखा। यहां से बहुत सी यादें जुड़ी हैं।
- 18 Sep 2023 7:33 AM GMT
महिला आरक्षण बिल ला सकती है केंद्र सरकार- सूत्र
केंद्र सरकार संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण पर बिल ला सकती है। ये बिल बुधवार लोकसभा में 20 सितंबर को पेश हो सकता है।
- 18 Sep 2023 7:11 AM GMT
अधीर रंजन ने गिनाई कांग्रेस की उपलब्धियां
लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन ने कहा, इस सदन ने देश को बहुत कुछ दिया है। पुराने सदन से ही बैंक का सरकारीकरण हुआ था। इस सदन से आईटी के एरिया में क्रांति आई थी। डिजिटल इंडिया को लाने वाले राजीव गांधी रहे। पंचायती राज को लाने वाले राजीव गांधी ही थे। देश में समाजिक क्रांति लाने का काम राजीव गांधी ने किया था। सूचना का अधिकार लाने का काम कांग्रेस की सरकार ने किया। मनेरगा का कानून लाने का काम कांग्रेस सरकार ने ही किया था। फूड सिक्योरिटी एक्ट कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही लाया गया था।
- 18 Sep 2023 6:46 AM GMT
सदन में अधीर रंजन बोल रहे
लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी बोल रहे हैं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि, पुराने संसद से विदा होना भावुक का पल है।
- 18 Sep 2023 6:40 AM GMT
पीएम मोदी ने सदन पर आतंकी हमले का किया जिक्र
सदन के विशेष सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद पर हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा, "जब आतंकी (संसद भवन पर) हमला हुआ यह आतंकी हमला किसी इमारत पर नहीं बल्कि एक प्रकार से लोकतंत्र की जननी, हमारी जीवित आत्मा पर हमला था। उस घटना को देश कभी नहीं भूल सकता। मैं उन लोगों को भी नमन करता हूं जिन्होंने आतंकवादियों से लड़ते हुए संसद और उसके सभी सदस्यों की रक्षा के लिए अपने सीने पर गोलियां खाईं।"
- 18 Sep 2023 6:21 AM GMT
पीएम मोदी ने भावुक कर देने वाला दिया बयान
पुराने संसद भवन के भीतर संसद के विशेष सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मैं पहली बार जब संसद का सदस्य बना और पहली बार एक सांसद के रूप में इस भवन में जब मैंने प्रवेश किया तो सहज रूप से इस सदन के द्वार पर अपना शीश झुकाकर अपना पहला कदम रखा था, वह पल मेरे लिए भावनाओं से भरा हुआ था।" पीएम मोदी ने आगे कहा कि, इसी भवन में दो साल 11 महीने तक संविधान सभा की बैठकें हुईं और देश के लिए एक मार्ग दर्शक जो आज भी हमें चलाते हैं उन्होंने हमें संविधान दिया। हमारा संविधान लागू हुआ, इन 75 वर्षों में सबसे बड़ी उपलब्धि देश के सामान्य मानवीय का इस संसद पर विश्वास बढ़ना रहा है। पीएम मोदी ने आगे कहा, वर्तमान सांसदों के लिए यह विशेष सौभाग्य का विषय है और वह इसलिए क्योंकि हमें इतिहास और भविष्य दोनों की कड़ी का हिस्सा होने का अवसर मिला है। हम नए संसद में जाएंगे तो एक नए विश्वास के साथ जाएंगे। मैं सभी सदस्यों व अन्य के द्वारा दिए गए अपने योगदान के लिए धन्यवाद करता हूं।
- 18 Sep 2023 6:13 AM GMT
जी20 की सफलता पूरे देश के लिए गौरवान्वित का विषय- पीएम मोदी
संसद के विशेष सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज आपने एक स्वर से जी20 की सफलता की सराहना की है। मैं आपका आभार व्यक्त करता हूं। जी20 की सफलता देश के 140 करोड़ नागरिकों की सफलता है। यह भारत की सफलता है, किसी व्यक्ति या पार्टी की नहीं। यह हम सभी के लिए जश्न मनाने का विषय है।"
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 18, 2023
Created On :   18 Sep 2023 3:04 AM GMT