प्रेस कॉन्फ्रेंस: 'भारत में कोई लोकतंत्र नहीं है... दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र होने की बात झूठी है' अकाउंट फ्रीज होने पर भड़के राहुल गांधी

भारत में कोई लोकतंत्र नहीं है... दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र होने की बात झूठी है अकाउंट फ्रीज होने पर भड़के राहुल गांधी
  • कांग्रेस नेताओं की प्रेस कॉन्फ्रेंस
  • अकाउंट फ्रीज करने के लिए भाजपा को बताया दोषी
  • राहुल, सोनिया और खड़गे सहित कई नेता मौजूद

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पार्टी के बैंक अकाउंट्स को फ्रीज किए जाने पर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने आज दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। बैंक अकाउंट फ्रीज होने के चलते दिक्कत झेल रही पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जिम्मेदार ठहराया। इस दौरान राहुला गांधी, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एक-एक कर भाजपा और केंद्र सरकार पर बरसे। सोनिया गांधी ने बीजेपी पर देश की सबसे पुरानी पार्टी को अपंग बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। राहुल, सोनिया और मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ कई अन्य वरिष्ठ नेता भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहे।

जमकर बरसे राहुल

राहुल गांधी ने अकाउंट फ्रीज होने के कारण पार्टी को होने वाली समस्याएं गिनवाई। कांग्रेस नेता ने इसके लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया और किसी भी कोर्ट या चुनाव आयोग की तरफ से कोई भी कदम नहीं उठाए जाने पर भी नाराजगी जताई। राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, "हमारे नेता हवाई सफर नहीं कर पा रहे हैं। यहां तक कि वे ट्रेन सफर भी नहीं कर सकते हैं. हमारे लिए अपने नेताओं को एक शहर से दूसरे शहर भेजना मुश्किल हो गया है। आज हम विज्ञापन नहीं दे पा रहे हैं। देश के 20 फीसदी लोग हमें वोट देते हैं, लेकिन आज हम 2 रुपये की पेमेंट नहीं कर पा रहे हैं। ऐसा हमें चुनाव में अपंग बनाने के लिए किया गया है।"

राहुल ने आगे कहा, "देश में संवैधानिक संस्थाएं मौजूद हैं। कोर्ट, चुनाव आयोग और अन्य संस्थाओं ने ये सब होते हुए देखने के बाद भी कुछ नहीं कहा है। चुनाव आयोग ने भी कुछ नहीं कहा है। ये आपराधिक काम है। भारत में लोकतंत्र है, ये बात बिल्कुल झूठ है। भारत में कोई लोकतंत्र नहीं है। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र होने की बात झूठी है, क्योंकि देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी का अकाउंट ही फ्रीज कर दिया गया है।"

'हर संभव प्रयास कर रहे हैं' - सोनिया

सोनिया गांधी ने भी पार्टी के बैंक अकाउंट्स फ्रीज किए जाने पर भाजपा की निंदा की। उन्होंने इस चुनौतीपूर्ण स्थिति में भी चुनावी प्रचार के लिए हर संभव प्रयास करने की बात कही। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रेस कॉन्फेंस के दौरान कहा, "...कांग्रेस द्वारा लोगों से इकट्ठा किए गए पैसे को फ्रीज कर दिया गया है। इस चुनौतिपूर्ण स्थिति में भी हम अपना तरफ से प्रभावी चुनाव प्रचार के हर संभव प्रयास कर रहे हैं मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के पैसे पर जानबूझकर हमला किया जा रहा है। यह अलोकतांत्रिक है।"

'चुनावी बॉन्ड गैर-कानूनी' - खड़गे

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "लोकतंत्र के लिए निष्‍पक्ष चुनाव होना जरूरी है। निष्‍पक्ष चुनाव के लिए लेवल प्‍लेइंग फील्‍ड होना जरूरी है। पिछली दिनों सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद इलेक्टोरल बॉन्ड की सच्चाई निकलकर सामने आई है। किसी भी लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष चुनाव जरूरी होते हैं। सभी राजनीतिक दलों के लिए लेवल प्लेइंग फील्ड होनी चाहिए. ये जरूरी है, ये नहीं कि एक दल की मोनोपॉली हो। हम बराबरी से चुनाव ना लड़ पाएं, इसलिए खाते सीज कर दिए हैं। एक राजनीतिक दल को चुनाव लड़ने में बाधा उत्पन्न कर खतरनाक खेल खेला गया है। हर तरफ सिर्फ इनका ही विज्ञापन लगा है, उसमें भी मोनोपोली है। बीजेपी के हर जगह फाइव स्टार दफ्तर हैं। सरकार के चुनावी खर्चे का कोई हिसाब नहीं है। बीजेपी ने कभी खाते की डिटेल्स नहीं दी है। सिर्फ हमसे खाते की जानकारी चाहते हैं। चुनाव बराबरी पर होना चाहिए। बीजेपी कभी टैक्स नहीं देती है, लेकिन हमसे मांगती है। कांग्रेस के फ्रीज खातों को बहाल किया जाए। हमारा खाता फ्रीज करना अलोकतांत्रिक है।"

Created On :   21 March 2024 8:28 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story