उपचुनाव 2026: दतिया में कल सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक 291 पोलिंग बूथ पर होगी वोटिंग, चुनाव सामग्री के साथ पहुंचे चुनाव अधिकारी

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कल गुरुवार 30 जुलाई को मतदान होगा। सुबह सात बजे से शाम 6 बजे तक विधानसभा के 291 पोलिंग बूथ पर वोटिंग होगी। आपको बता दें आज 29 जुलाई सुबह 5 बजे से चुनाव की मतदान सामग्री का वितरण शुरू हो गया था। मतदान केंद्र के 200 मीटर दायरे में भीड़ जुटाने पर बैन रहेगा।
यह भी पढ़े -दतिया में जातीय समीकरण से निकलेगा जीत का जिंद, त्रिकोणीय मुकाबले में जातिगत वोटरों में सेंध लगाने में जुटे उम्मीदवार
प्रशासन ने 233 पोलिंग सेंटर्स को संवेदनशील और 28 केंद्रों को असुरक्षित घोषित किया है। 215 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात रहेंगे। ईसी ने 320 पोलिंग पार्टी और 1280 कर्मचारियों को चुनावी ड्यूटी पर तैनात किया है। उपचुनाव में दो लाख बीस हजार से अधिक वोटर्स अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। जिला प्रशासन ने सभी से अपील की है कि मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और स्वतंत्र वातावरण में हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रशासन ने जानकारी देते हुए बताया कि हर बूथ पर CRPF, एमपी पुलिस और एसएएफ के जवान सुरक्षा देंगे। सभी पोलिंग स्टेशन और 12 प्रमुख नाकों पर वेबकास्टिंग एवं CCTV से निगरानी की जाएगी, सेक्टर अधिकारियों के वाहनों में GPS ट्रैकिंग भी रहेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े के निर्देश पर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। बीते दिन मंगलवार को शाम पांच बजे के बाद प्रचार का शोर थम गया था। जिला प्रशासन ने चुनाव प्रचार में शामिल राजनीतिक कार्यकर्ता और बाहरी लोगों को 28 जुलाई शाम 6 बजे तक दतिया जिले की सीमा छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। प्रचार समाप्ति के बाद 48 घंटे तक लाउडस्पीकर पर पूर्ण प्रतिबंध है। 85 वर्ष से अधिक आयु और दिव्यांग मतदाताओं के लिए होम वोटिंग पूरी हो चुकी है, जिसमें 86 में से 85 मतदाताओं ने वोट डाले।
दतिया पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से विनम्र अपील करते हुए कहा कि 30 जुलाई को अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन भयमुक्त, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने के लिए हर परिस्थिति में आपके साथ है।
Created On :   29 July 2026 6:09 PM IST










