Saina Nehwal P Kashyap Divorce: बैडमिंटन प्लेयर साइना नेहवाल ने पति पी. कश्यप से लिया तलाक, पोस्ट कर दी जानकरी, 7 साल पहले की थी लव मैरिज

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बैडमिंटन प्लेयर साइना नेहवाल अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में आ गई हैं। साइना नेहवाल अपने पति बैडमिंटन प्लेयर पारुपल्ली कश्यप (पी. कश्यप) से अलग हो गई हैं। इस बात की जानकारी साइना ने रविवार देर रात सोशल मीडिया पर दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर स्टोरी में लिखा, 'बहुत सोच-विचार के बाद, कश्यप और मैंने अलग होने का फैसला किया है।' बता दें कि, सात साल पहले कपल ने लव मैरिज की थी।
सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
साइना ने अपने सोशल मीडिय हैंडल पर साल 11 बजे एक स्टोरी शेयर की जिसमें साइना ने लिखा, 'जिंदगी कभी-कभी हमें अलग-अलग दिशाओं में ले जाती है। हम एक-दूसरे के लिए शांति, तरक्की और उबरना चुन रहे हैं। मैं उनके साथ सभी यादों के लिए आभारी हूं और आगे के लिए शुभकामनाएं देती हूं। हमारी निजता को समझने और उसका सम्मान करने के लिए धन्यवाद।'
सात साल पहले की थी लव मैरिज
साइना नेहवाल ने 14 दिसंबर, 2018 को कश्यप पारुपल्ली के साथ लव मैरिज की थी। दोनों 2007 से रिलेशनशिप में थे जिसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला लिया। हालांकि, 2005 से एक-दूसरे को जानते थे। अपने करियर के शुरुआती दिनों में दोनों हैदराबाद के पुलेला गोपीचंद एकेडमी में एक साथ ट्रेनिंग करते थे। साइना ने हैदराबाद में पी. कश्यप से उनके घर पर शादी की थी। इसमें सिर्फ परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए थे।
साइना ओलिंपिक मेडल जीतने वाली पहली बैडमिंटन खिलाड़ी
हरियाणा की रहने वाली साइना नेहवाल ओलिंपिक मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। उन्होंने लंदन ओलिंपिक-2012 में भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया था। वे 2015 में विमेंस सिंगल्स रैंकिंग में वर्ल्ड नंबर -1 प्लेयर रह चुकी हैं। वे 3 ओलिंपिक गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। साइना ने 2010 और 2018 के कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था। वहीं पारुपल्ली कश्यप तेलंगाना के हैदराबाद के रहने वाले हैं। उन्होंने 2014 के कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था। यह 32 सालों में किसी भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी का कॉमनवेल्थ गेम्स में पहला मेडल था।
Created On :  
