Ranji Trophy 2026-27: MP के बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे हर्ष दुबे, 9 विकेट चटकाकर रच दिया इतिहास

MP के बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे हर्ष दुबे, 9 विकेट चटकाकर रच दिया इतिहास
रणजी ट्रॉफी 2026-27 में विदर्भ के स्पिनर हर्ष दुबे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने मध्य प्रदेश के खिलाफ पहली पारी में 9 विकेट अपने नाम किए।

डिजिटल डेस्क, नागपुर। रणजी ट्रॉफी 2026-27 में विदर्भ के स्पिनर हर्ष दुबे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने मध्य प्रदेश के खिलाफ पहली पारी में 9 विकेट अपने नाम किए। इसी के साथ वे रणजी ट्रॉफी की एक पारी में 9 विकेट लेने वाले विदर्भ के पहले गेंदबाज बन गए हैं।

नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन ग्राउंड पर खेले जा रहे एलीट ग्रुप-ए के मुकाबले में हर्ष ने 23.1 ओवर गेंदबाजी की। इस दौरान उन्होंने 53 रन देकर 9 विकेट लिए और 4 ओवर मेडन डाले। मध्य प्रदेश की टीम उनकी गेंदबाजी के सामने 66.1 ओवर में 209 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पारी का पहला विकेट नचिकेत भूटे ने लिया, जबकि बाकी 9 बल्लेबाजों को हर्ष ने पवेलियन भेजा।

58 साल पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ा

हर्ष दुबे ने इस प्रदर्शन के साथ विदर्भ के पुराने रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। इससे पहले टीम के लिए एक पारी में सबसे अच्छी गेंदबाजी का रिकॉर्ड अरुण ओगिराल के नाम था। उन्होंने 1967-68 के सीजन में मध्य प्रदेश के खिलाफ ही 39 रन देकर 8 विकेट लिए थे।

हर्ष अब रणजी ट्रॉफी की एक पारी में 9 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में 30वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

अर्थव महाजन ने संभाली MP की पारी

मध्य प्रदेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 5 रन के स्कोर पर यश दुबे (5) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद चंचल राठौड़ (13) और सक्षम पुरोहित (21) ने दूसरे विकेट के लिए 27 रन जोड़े। हालांकि, टीम ने 64 रन तक अपने 5 विकेट गंवा दिए।

इसके बाद सारांश जैन और अर्थव महाजन ने छठे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। सारांश ने 34 रन बनाए। वहीं अर्थव ने 3 छक्के और 5 चौकों की मदद से 85 रन की पारी खेली। उन्होंने अरशद खान के साथ सातवें विकेट के लिए 30 रन भी जोड़े।

विदर्भ ने 56 रन पर गंवाए 4 विकेट

मध्य प्रदेश की पहली पारी के 209 रन के जवाब में विदर्भ की शुरुआत भी खराब रही। टीम ने सिर्फ 8 रन पर 2 विकेट गंवा दिए। इसके बाद ध्रुव शोरे और रविकुमार समर्थ ने तीसरे विकेट के लिए 26 रन जोड़कर स्कोर 34 तक पहुंचाया।

समर्थ 17 रन बनाकर आउट हुए। इसके तुरंत बाद दानिश मालेवार भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। यहां से ध्रुव शोरे और कप्तान अक्षय वाडकर ने पारी संभाली। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 21 रन की नाबाद साझेदारी की।

दिन का खेल खत्म होने तक विदर्भ ने 4 विकेट पर 56 रन बना लिए हैं। ध्रुव शोरे 21 और अक्षय वाडकर 9 रन बनाकर क्रीज पर हैं। विदर्भ अभी मध्य प्रदेश की पहली पारी के स्कोर से 153 रन पीछे है।

मध्य प्रदेश की ओर से कुमार कार्तिकेय ने 23 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि आवेश खान को एक सफलता मिली।

Created On :  

Tags

Next Story