एशिया कप में इन टीमों का रहा है पलड़ा भारी, एक क्लिक में पढ़ें रोचक आंकड़े

asia cup 2018 stats india vs pakistan match rohit sharma and sarfraz ahmed srilanka vs bangladesh
एशिया कप में इन टीमों का रहा है पलड़ा भारी, एक क्लिक में पढ़ें रोचक आंकड़े
एशिया कप में इन टीमों का रहा है पलड़ा भारी, एक क्लिक में पढ़ें रोचक आंकड़े
हाईलाइट
  • आईए एशिया कप से जुड़े कुछ रोचक आंकड़ों और तथ्यों पर नजर डालते हैं।
  • एशिया कप टूर्नामेंट का शनिवार से आगाज हो गया है।
  • सभी टीमों ने वर्ल्डकप की तैयारी के तौर पर इस टूर्नामेंट को जीतकर अपना दावा मजबूत करने के लिए कमर कस ली है।

डिजिटल डेस्क, दुबई। एशिया कप टूर्नामेंट का शनिवार से आगाज हो गया है। वर्ल्डकप आने में बस एक साल बाकी रह गया है। सभी टीमों ने वर्ल्डकप की तैयारी के तौर पर इस टूर्नामेंट को जीतकर अपना दावा मजबूत करने के लिए कमर कस ली है। ऐसे में किस टीम का पलड़ा भारी है और इतिहास के आंकड़े किस टीम को टूर्नामेंट जीतने का प्रबल दावेदार मानते हैं यह जानना जरुरी है। आईए एशिया कप से जुड़े कुछ रोचक आंकड़ों और तथ्यों पर नजर डालते हैं।

टीम इंडिया का पलड़ा है सबसे भारी
रिकॉर्ड बताते हैं कि एशिया कप में भारतीय टीम का पलड़ा सबसे भारी रहा है। टीम इंडिया ने पिछले 13 एशिया कप टूर्नामेंट में से 6 ट्रॉफी अपने नाम किए हैं। भारत ये खिताब 1984, 1988, 1990/1991, 1995, 2010 और 2016 में अपने नाम किया था। इसमें से पांच टूर्नामेंट वनडे फॉर्मेट में खेला गया था। जबकि 2016 में खेला गया एशिया कप टी-20 फॉर्मेट में था, जिसमें भारत ने बांग्लादेश को फाइनल में सात विकेट से हराया था। इसी कड़ी में श्रीलंका एशिया कप की दूसरी सबसे सफल टीम है। श्रीलंका ने पांच एशिया कप खिताब अपने नाम किया है। वहीं पाकिस्तान दो ट्रॉफी के साथ तीसरे नम्बर पर है।

टीम इंडिया ने UAE में हुए तीनों एशिया कप टू्र्नामेंट जीते हैं
UAE में खेले गए दो एशिया कप टूर्नामेंट में से भारत ने दोनों में ही जीत हासिल की थी। 1984 और 1995 में दुबई में खेले गए एशिया कप टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने जीत हासिल की थी। 2018 में एक बार फिर से यह टूर्नामेंट दुबई में खेला जा रहा है और आंकड़ों के अनुसार एक बार फिर प्रशंसक टीम इंडिया के जीतने की उम्मीद कर सकते हैं।

एशिया कप में 12 बार भिड़ चुके हैं भारत और पाकिस्तान 
भारत और पाकिस्तान के बीच 19 सितंबर को खेले जाने वाले मैच का सभी प्रशंसक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में आंकड़े बताते हैं कि भारतीय टीम एशिया कप के इतिहास में पाकिस्तान से 12 बार भिड़ चुकी है। इसमें से टीम इंडिया ने 6, जबकि पाकिस्तान ने 5 बार जीत हासिल की है। वहीं एक मैच रद्द कर दिया गया था। भारत की ओर से विराट कोहली, जबकि पाकिस्तान की ओर से हफीज सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। यह दोनों बल्लेबाज इस साल टीम में नहीं हैं। जबकि गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार ने पाकिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं।

भारत और पाकिस्तान के बीच 5 सबसे रोमांचक मैच
एशिया कप इतिहास में भारत और पाकिस्तान के बीच वैसे तो हर मैच रोमांचक होता है। हालांकि 2008 (ग्रुप स्टेज और सेमीफाइनल), 2010, 2012 और 2014 में खेले गए मैच इन दो देशों की प्रतिस्पर्धा में चार चांद लगा देते हैं। 

2008 के ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान के 299 रनों के जवाब में भारत ने सहवाग के 95 गेंदों में 119 रन की बदौलत पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी थी। वहीं इसका बदला लेते हुए इसी संस्करण के सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने भारत को हराकर बाहर कर दिया था। भारत ने तब पाकिस्तान के सामने धोनी और रोहित शर्मा की शानदार पारियों की बदौलत 308 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में यूनुस खान की 117 गेंदों में 123 रन की शानदार पारी की बदौलत पाकिस्तान ने जीत हासिल की थी। 

2010 एशिया कप के एक मैच में पाकिस्तान ने भारत के सामने 267 रन का लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में भारत ने गौतम गंभीर और धोनी के हाफ सेंचुरी की बदौलत एक गेंद रहते मैच जीत लिया था। भारत को तब जीत के लिए 7 गेंदों मे 7 रन चाहिए थे। इस दौरान शोएब अख्तर ने हरभजन को कुछ कह दिया था। इसका जवाब देते हुए हरभजन ने गेंद को छक्के में बदलकर जीत दिलाई थी।

2012 में भारत-पाकिस्तान के बीच खेला गया मैच कौन भूल सकता है। इस मैच में विराट कोहली ने 148 गेंदों में 183 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। पाकिस्तान ने भारत को 329 रन को लक्ष्य दिया था, जिसे भारत ने कोहली की पारी के बदौलत बोनस अंकों से जीता था।

2014 में खेले गए मैच में बूम-बूम अफरीदी ने विस्फोटक पारी खेल भारत के हाथ से जीत छीन ली थी। भारत के 245 रन के जवाब में पाकिस्तान के छह विकेट गिर चुके थे और अंतिम 10 गेंदों में 11 रन चाहिए थे। पाकिस्तान ने अगले पांच गेंदों में अपने 3 विकेट और गंवा दिए। इसके बाद अफरीदी ने अश्विन की लगातार दो गेंदों में  छक्के लगाकर पाकिस्तान को जीत दिलाई थी।

एशिया कप रिकॉर्ड

कुल संस्करण:                      13
सबसे सफल टीम:                भारत 6 खिताब( 5 वनडे, 1 टी-20)
डिफेंडिंग चैंपियन:                भारत
सबसे ज्यादा रन:                  सनथ जयसूर्या(श्रीलंका) 1220 रन 
सबसे ज्यादा विकेट:             मुथैया मुरलीधरन (श्रीलंका) 30 विकेट 
सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर:    विराट कोहली 183 बनाम पाकिस्तान 
सबसे ज्यादा शतक               सनथ जयसूर्या  (6) 
सबसे ज्यादा अर्धशतक         कुमार संगकारा (8)
सबसे ज्यादा शून्य                 सलमान बट्ट    (3)
सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी                   अजंथा मेंडिस  13/6  बनाम भारत 


 

Created On :   15 Sep 2018 2:44 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story