Award: तेज गेंदबाज इशांत शर्मा समेत 29 खिलाड़ियों की अर्जुन अवॉर्ड के लिए सिफारिश

Cricketer Ishant Sharma, Archer Atanu Das Among 29 Recommended For Arjuna Award
Award: तेज गेंदबाज इशांत शर्मा समेत 29 खिलाड़ियों की अर्जुन अवॉर्ड के लिए सिफारिश
Award: तेज गेंदबाज इशांत शर्मा समेत 29 खिलाड़ियों की अर्जुन अवॉर्ड के लिए सिफारिश

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के तेज गेंदबाज इशांत शर्मा समेत 29 खिलाड़ियों की सिफारिश, खेल मंत्रालय की चयन समिति ने इस साल के अर्जुन पुरस्कार के लिए की है। एक आधिकारिक सूत्र ने नई दिल्ली में चयन समिति की बैठक के बाद बताया कि पुरुष रिकर्व आर्चर अतनु दास, महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी दीपिका ठाकुर, क्रिकेटर दीपक हुड्डा और टेनिस खिलाड़ी दिविज शरण की भी प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए सिफारिश की गई है।

साक्षी मलिक, मीराबाई चानू को भी समिति का समर्थन
सूत्रों के मुताबिक, ओलंपिक कांस्य विजेता पहलवान साक्षी मलिक और पूर्व विश्व चैंपियन भारोत्तोलक मीराबाई चानू को भी समिति का समर्थन मिला है, लेकिन अंतिम निर्णय खेल मंत्री किरेन रिजिजू पर छोड़ दिया गया है। ऐसा इसलिए क्योंकि दोनों महिलाएं पूर्व में खेल रत्न पुरस्कार विजेता रह चुकी हैं। जबकि साक्षी ने रियो ओलंपिक में कांस्य पदक के लिए 2016 में खेल रत्न जीता था। मीराबाई को उनके विश्व चैंपियनशिप स्वर्ण पदक के लिए भारत के कप्तान विराट कोहली के साथ 2018 में सम्मान के साथ सम्मानित किया गया था।

राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए रोहित शर्मा के नाम की सिफारिश
सूत्रों के अनुसार, भारत के सर्वोच्च खेल सम्मान-राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के नाम की सिफारिश की गई है। रोहित के अलावा भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल, एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता विनेश फोगाट, टेबल टेनिस चैम्पियन मानिका बत्रा और 2016 रियो पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता हाई जम्पर मरियप्पन थांगावेलू के नाम की भी सिफारिश की गई है।

रोहित ने 2019 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 648 रन बनाए थे। वहीं, विनेश, एकमात्र भारतीय महिला पहलवान हैं, जिन्होंने अब तक टोक्यो ओलंपिक 2021 के लिए क्वालीफाई किया है। विनेश 2019 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। विनेश को अगले साल होने वाले टोक्यो ओलंपिक खेलों में पदक का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है। महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी मानिका ने 2018 गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में दो स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा वह 2018 एशियाई खेलों में भी कांस्य पदक अपने नाम कर चुकी हैं। हालांकि उन्हें अभी टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करना बाकी है। 

पैरालंपिक खिलाड़ी मरियप्पन ने विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर अगले साल होने वाले टोक्यो पैरालंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई किया है। रानी की अगुवाई में ही भारतीय महिला हॉकी टीम ने पिछले साल टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया था। खेल रत्न के अलावा समिति द्रोणाचार्य पुरस्कार, अर्जुन पुरस्कार,ध्यानचंद पुरस्कार और राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार तथा मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्रॉफी के नामों की भी घोषणा करेगी। अब इस सिफारिश पर खेल मंत्रालय अंतिम मुहर लगाएगा और फिर 29 अगस्त को खेल दिवस के दिन राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद खेल रत्न के अलावा अन्य खेल पुरस्कार प्रदान करेंगे।

Created On :   18 Aug 2020 1:38 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story