गौतम गंभीर ने दिल्ली डेयरडेविल्स की कप्तानी छोड़ी, श्रेयस अय्यर संभालेंगे कमान

गौतम गंभीर ने दिल्ली डेयरडेविल्स की कप्तानी छोड़ी, श्रेयस अय्यर संभालेंगे कमान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। IPL 2018 में दिल्ली डेयरडेविल्स के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद गौतम गंभीर ने टीम की कप्तानी छोड़ दी है। गंभीर की जगह अब श्रेयस अय्यर टीम की कमान संभालेंगे। गौरतलब है कि IPL के 11वें सीजन में दिल्ली का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है। टीम ने 6 मैचों में से महज 1 मैच में जीत हासिल की है। 5 मैचों में मिली शिकस्त के बाद टीम टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर है।

टीम की कप्तानी छोड़ते हुए गंभीर ने इस फैसले को समय की जरूरत बताया। उन्होंने कहा, "मैं टीम को उम्मीद अनुसार सफलता नहीं दिला सका। कप्तान होने के नाते मुझे यह जिम्मेदारी लेनी होगी। मुझे लगता है कि सही समय रहते मैंने यह फैसला लिया है।" गंभीर ने यह भी कहा कि उनके इस फैसले में फ्रेंचाइजी का उन पर कोई दबाव नहीं था, यह उनका खुद का फैसला है।

बता दें कि इस IPL में गंभीर बल्ले से भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उन्होंने 6 मैचों में केवल 85 रन बनाए हैं। गंभीर ने एकमात्र बड़ी पारी (55 रन ) किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ खेली थी। इसके अलावा वे इस बार कोई कमाल नहीं कर पाए हैं। इससे पहले वे कोलकाता नाइट राइडर्स को दो बार IPL का खिताब दिलवा चुके हैं।

IPL में गंभीर का सफर

  • 2008 से 2010 तक गंभीर दिल्ली के साथ खिलाड़ी के तौर पर जुड़े थे।
  • 2008 में वह IPL में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने 534 रन बनाए थे।
  • 2011 में KKR ने गंभीर रिकॉर्ड 11.04 करोड़ में खरीदकर टीम की कमान सौंपी।
  • 2012 में गंभीर की कप्तानी में KKR पहली बार आईपीएल चैंपियन बनी।
  • 2014 में भी KKR ने गंभीर को रिटेन किया और दूसरी बार खिताब दिलाया।
  • 2018 में KKR ने गंभीर को रिटेन नहीं किया। उन्हें दिल्ली ने 2.8 करोड़ रुपए में खरीदा और कप्तान बनाया।

Created On :   25 April 2018 11:11 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story