छिंदवाड़ा: दुर्लभ प्रजाति का दो मुंहा सांप और कछुए के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

दुर्लभ प्रजाति का दो मुंहा सांप और कछुए के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
  • काटोल के जंगल से ला रहे थे वन्यजीव
  • 12 नाखून वाले कछुआ की बाजार कीमत 50 हजार रुपए है

डिजिटल डेस्क, पांढुर्ना/छिंदवाड़ा। दुर्लभ प्रजाति के सैंड बोआ (दो मुंहे सांप) और इंडियन फ्लेप शेल टर्टल (कछुआ) के साथ तीन तस्करों को पांढुर्ना और बड़चिचोली चौकी पुलिस ने दबोचा है। सैंड बोआ सांप की अंतर्राष्ट्रीय कीमत २.५० करोड़ रुपए आंकी जा रही है। 12 नाखून वाले कछुआ की बाजार कीमत 50 हजार रुपए है। महाराष्ट्र बॉर्डर पर चैङ्क्षकग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

टीआई अजय मरकाम ने बताया कि बड़चिचोली से काटोल मार्ग पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी। सोमवार सुबह चैकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवार नजर आए। जिन्हें रोकने का प्रयास किया गया। बाइक सवार भागने का प्रयास कर रहे थे। बड़चिचोली पुलिस चौकी टीम की मदद से घेराबंदी कर बाइक सवार तस्करों को दबोचा गया। तस्करों के पास मिली बोरियों में सैंड बोआ दो मुंहा सांप और इंडियन फ्लेप शेल टर्टल (कछुआ) बरामद हुआ। तीनों आरोपी आशिक पिता गणेश राउत (18) निवासी मोहगांव, श्रीराम पिता खिरनलाल पटले (54) ग्राम बड़चिचोली और अजय पिता हिरामन निहारे (27) निवासी मोहगांव के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।

काटोल के जंगल से ला रहे थे वन्यजीव

पुलिस पूछताछ में तस्करों ने बताया कि सांप और कछुआ काटोल के जंगल से ला रहे है। आरोपियों से अन्य तस्करों की जानकारी जुटाई जा रही है। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 संशोधन अधिनियम 2022 के शेड्यूल 1 के अंतर्गत दुर्लभ प्रजाति के सैंडबोआ दोमुंहे सांप और इंडियन फ्लेप शेल टर्टल (कछुआ) रखना अपराध की श्रेणी में आता है।

अंधविश्वास... तंत्र-मंत्र और शक्तिवर्धक दवाओं में इस्तेमाल

टीआई अजय मरकाम ने बताया कि अभी भी लोगों में अंध विश्वास है। कुछ लोगों द्वारा १२ नाखून वाले कछुए का इस्तेमाल तंत्र-मंत्र के लिए किया जाता है। वहीं सांप का उपयोग शक्तिवर्धक दवाई बनाने में होता है। इस वजह से सैंड बोआ दो मुंहे सांप की अंतर्राष्ट्रीय कीमत 2.50 करोड़ रुपए है। वहीं कछुए की अनुमानित कीमत 50 हजार रुपए है।

इस टीम ने की कार्रवाई

दुर्लभ प्रजाति के सैंड बोआ दो मुंहे सांप और इंडियन फ्लेप शेल टर्टल के साथ आरोपियों की धरपकड़ करने वाली टीम में बड़चिचोली चौकी प्रभारी आशीष भीमटे, आरक्षक निखिल उईके, अशोक, पुष्पेन्द्र, भानुप्रताद नागेश, कपिल बघेल, महिला आरक्षक सीमा मरकाम शामिल है।

Created On :   3 Oct 2023 2:45 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story