MP News: खड़गे के सम्मान को ठेस पहुंचाने के विरोध में कांग्रेस ने सत्याग्रह पैदल मार्च निकाला

खड़गे के सम्मान को ठेस पहुंचाने के विरोध में कांग्रेस ने सत्याग्रह पैदल मार्च निकाला
पटवारी ने कहा कि भाजपा ने एक बार फिर अपने व्यवहार से देश को नफरत और सामाजिक विभाजन का संदेश दिया है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। उत्तराखंड के हल्द्वानी में भाजपा समर्थित संगठनों द्वारा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के सम्मान को ठेस पहुंचाने और कार्यक्रम स्थल का गंगाजल से शुद्धीकरण करने के विरोध में शुक्रवार को भोपाल में जिला कांग्रेस कमेटी ने सत्याग्रह पैदल मार्च निकाला। कांग्रेस ने सामाजिक भेदभाव, नफरत और संविधान विरोधी मानसिकता के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। इसमें प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे सहित जनप्रतिनिधिगण, पूर्व जनप्रतिनिधिगण, प्रदेश पदाधिकारीगण, जिला कांग्रेस पदाधिकारीगण, विभिन्न मोर्चा, संगठन, विभाग एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षगण, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षगण, वार्ड एवं मंडलम अध्यक्षगण तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

पटवारी ने कहा कि भाजपा ने एक बार फिर अपने व्यवहार से देश को नफरत और सामाजिक विभाजन का संदेश दिया है। जिस स्थान पर खड़गे का कार्यक्रम हुआ, वहां बाद में गंगाजल से शुद्धीकरण किया जाना चिंताजनक है। यह केवल खड़गे का अपमान नहीं है, बल्कि यह देश के दलित, आदिवासी और वंचित समाज के लिए एक बड़ा सवाल खड़ा करता है। यदि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ इस तरह का व्यवहार किया जा सकता है, तो आम दलित और आदिवासी नागरिक के साथ क्या होता होगा, यह सोचने की जरूरत है।

कांग्रेस ने इसे खरगे के सम्मान और सामाजिक गरिमा के खिलाफ बताया। दरअसल, मामला 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुई कांग्रेस की जनसभा का है। 10 अगस्त को श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास के लोगों ने कार्यक्रम स्थल पर हवन और गंगाजल छिड़काव किया था। संगठन ने जनसभा के दौरान लगाए आपत्तिजनक नारों को इसका कारण बताया था। इसके बाद, खरगे ने 13 अगस्त को राज्यसभा में इसे अस्पृश्यता बताया। हल्दवानी में किए गए बर्ताव पर प्रदेश कांग्रेस ने विरोध जताकर पैदल मार्च निकाला।

Created On :   15 Aug 2026 1:29 AM IST

Tags

Next Story