MP News: पूर्व विधायक सकलेचा ने सहायक कृषि विस्तार अधिकारी परीक्षा में गड़बड़ी का लगाया आरोप

पूर्व विधायक सकलेचा ने सहायक कृषि विस्तार अधिकारी परीक्षा में गड़बड़ी का लगाया आरोप
दूसरे राज्यों में जो कंपनी ब्लैकलिस्ट है, उससे प्रदेश में करवा रहे परीक्षा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र में सहायक कृषि विस्तार अधिकारी भर्ती परीक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। मप्र कर्मचारी चयन मंडल ने यह परीक्षा 17 और 18 सितंबर को आयोजित की थी। परीक्षा को लेकर पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने आरोप लगाया है कि रतलाम के सृजन कॉलेज केंद्र पर 17 सितंबर की दूसरी पाली की परीक्षा तीन घंटे की देरी से शुरू की गई। परीक्षा का निर्धारित समय दोपहर 2:30 बजे था। लेकिन यह शाम करीब 5:30 बजे शुरू हुई। उनका दावा है कि इसी अवधि में कुछ परीक्षार्थियों के केंद्र से बाहर भी गए थे। बाद में परीक्षा शुरू होने के समय वे वापस आ गए थे। सकलेचा ने अलग-अलग केंद्रों में समय में अंतर पर परीक्षा की पारदर्शिता पर प्रश्न खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कर्मचारी चयन मंडल को स्पष्ट करना चाहिए कि रतलाम में परीक्षा निर्धारित समय पर क्यों शुरू नहीं हुई। देरी का कारण क्या था। इस दौरान परीक्षार्थियों की आवाजाही पर क्या निगरानी रखी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा में हुई इस असामान्य देरी को मंडल स्पष्ट नहीं कर रहा। परीक्षा के केंद्रवार वास्तविक प्रारंभ समय, लॉग-इन लॉग, सर्वर लॉग, बायोमेट्रिक रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक किए जाने चाहिए। देरी के दौरान केंद्र से बाहर गए और बाद में परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों का रिकॉर्ड जांचा जाए। पूरे मामले की स्वतंत्र जांच की जानी चाहिए।

ब्लैकलिस्टेड कंपनी को परीक्षा का ठेका

पूर्व विधायक सकलेचा ने परीक्षा संचालन के लिए चयनित कंपनी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि दिसंबर 2024 से ऑनलाइन परीक्षाओं का काम एप्टेक कंपनी को लगभग 260 रुपए प्रति परीक्षार्थी की दर से दिया गया, जबकि पूर्व में यह कार्य करीब 170 प्रति परीक्षार्थी की दर से कराया जाता था। उन्होंने दावा किया कि कंपनी को जम्मू-कश्मीर सहित अन्य राज्यों में ब्लैकलिस्ट किया‌ गया है । उन्होंने कहा कि रतलाम लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में विवादों का केंद्र बनता जा रहा है। एक्साइज कांस्टेबल और रेलवे भर्ती परीक्षा से जुड़े विवादों के बाद सहायक कृषि विस्तार अधिकारी परीक्षा में सामने आई है।

पहले की परीक्षाओं के जांच की रिपोर्ट नहीं आई

कृषि विभाग से संबंधित भर्ती परीक्षाओं में पहले भी गड़बड़ी की शिकायतें आ चुकी हैं। वर्ष 2021 में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, समूह-2 उपसमूह-4 भर्ती परीक्षा तथा समूह-5 भर्ती परीक्षा को लेकर शिकायतों के बाद परीक्षाएं निरस्त कर दिया गया था। इन मामलों की जांच की स्थिति और रिपोर्ट आज तक सार्वजनिक नहीं की गई।

Created On :   23 Sept 2026 11:58 PM IST

Tags

Next Story