मध्य प्रदेश न्यूज: वंदे मातरम् के 150वें वर्ष पूरे होने के मौके पर MP में बड़ा आयोजन, 610 जगहों पर एक साथ होगा राष्ट्रगान

वंदे मातरम् के 150वें वर्ष पूरे होने के मौके पर MP में बड़ा आयोजन, 610 जगहों पर एक साथ होगा राष्ट्रगान
वंदे मातरम् के 150वें वर्ष पूरे होने के मौके पर विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान नए अभियान की शुरुआत कर रही है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। वंदे मातरम् के 150वें वर्ष पूरे होने के मौके पर विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान नए अभियान की शुरुआत कर रही है। इसका नाम 'नमामि भारतम्' होगा। इसके तहत संस्थान मध्यभारत प्रांत के 610 स्थानों पर सामूहिक गायन कार्यक्रमों का आयोजन करेगा। इससे देश की राष्ट्रीय चेतना, स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा और मातृभूमि के प्रति श्रद्धा का संदेश देना चाहती है।

प्रांत संयोजक डॉ. शिरोमणि दुबे और सह-संयोजक दीपक चंदेवा ने संयुक्त रूप से इन कार्यक्रमों को लेकर बताया कि 25 सितंबर 2026 (शुक्रवार) की सुबह 11 बजे से प्रांत के अलग-अलग विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक तथा समाज के सभी वर्गों के नागरिक एक साथ 'वंदे मातरम्' का गायन करेंगे।

एक समय में 610 स्थानों पर होंगे कार्यक्रम

संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि 'नमामि भारतम्' सिर्फ एक सामूहिक गायन कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी को वंदे मातरम् के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रीय महत्व और स्वाधीनता संग्राम की प्रेरणादायी विरासत से जोड़ने का एक व्यापक राष्ट्रव्यापी प्रयास है। मध्यभारत प्रांत के 610 स्थानों पर होने वाला यह आयोजन भारत की भाषाई, भौगोलिक और सांस्कृतिक विविधता में एकात्मता का विराट दर्शन प्रस्तुत करेगा।

ऐतिहासिक एवं विशेष कार्यक्रम

  • विद्यालयों व शिक्षण संस्थानों के अतिरिक्त मध्यभारत प्रांत के प्रमुख ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
  • भोपाल स्थित शौर्य स्मारक एवं ग्वालियर स्थित वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की समाधि स्थल, शिवपुरी स्थित तात्या टोपे समाधि स्थल सहित अन्य प्रमुख केंद्रों पर सैकड़ों नागरिक एकत्रित होकर समवेत स्वर में राष्ट्रगीत का गायन करेंगे।
  • इन आयोजनों में समाज के विभिन्न वर्गों, पूर्व छात्रों और प्रबुद्ध नागरिकों की सीधी सहभागिता रहेगी, जो राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक एकता को जीवंत स्वरूप प्रदान करेगी।
  • नई पीढ़ी तक पहुंचेगा स्वतंत्रता संग्राम का संदेश
  • कार्यक्रम के अंतर्गत केवल गायन ही नहीं, बल्कि नई पीढ़ी में राष्ट्रीय भाव जगाने के लिए कई रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित होंगी।
  • वंदे मातरम् की ऐतिहासिक यात्रा पर आधारित परिचर्चाएं एवं विशेष व्याख्यान।
  • स्वतंत्रता आंदोलन में गीत की भूमिका को दर्शाती प्रदर्शनियां एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां।
  • इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को यह समझाना है कि वंदे मातरम् मात्र एक रचना नहीं, अपितु मातृभूमि के प्रति समर्पण, त्याग और संघर्ष का अमर प्रतीक है।

दो संस्थाएं रिकॉर्ड करेंगी दर्ज

प्रांत संयोजक और सह-संयोजक ने बताया कि इन कार्यक्रमों को रिकॉर्ड प्रमाणित करने वाली दो प्रमुख संस्थाएं हैं, जिनमें एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स का नाम बताया है। उन्होंने आगे बताया, "'नमामि भारतम्' के अंतर्गत सर्वाधिक विद्यार्थियों एवं जनसमुदाय द्वारा एक साथ, एक स्वर में किए गए 'वंदे मातरम्' गायन को प्रमाणीकरण हेतु सूचीबद्ध किया है। दोनों संस्थाओं ने इस उपलब्धि पर विद्या भारती के विद्यालयों को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।"

संगठनों और युवाओं से की अपील

प्रांत संयोजक डॉ. शिरोमणि दुबे एवं सह-संयोजक दीपक चंदेवा ने मध्यभारत प्रांत के समस्त नागरिकों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं से अपील की है कि वे 25 सितंबर को सुबह 11 बजे अपने निकटतम केंद्र पर उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें और राष्ट्रस्वर को जन-जन तक पहुंचाने में अपना योगदान दें।

Created On :   24 Sept 2026 12:32 AM IST

Tags

Next Story