- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- नया भारत किसी की परमाणु धमकियों से...
MP News: नया भारत किसी की परमाणु धमकियों से नहीं डरता, ये घर में घुसकर मारता है- पीएम मोदी

- दुनिया के बाजार में धार चमकने वाला है- पीएम मोदी
- सिकल सेल एनीमिया के पहले कार्ड की शुरुआत शहडोल से और 1 करोड़वां कार्ड भी मप्र से
- विकसित भारत के चार स्तंभ, नारी-युवा, गरीब और किसान
डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 75वें जन्मदिन पर बुधवार को धार में कहा, पाकिस्तान से आए आतंकियों ने हमारी बहनों-बेटियों का सिंदूर उजाड़ा था, हमने ऑपरेशन सिंदूर करके आतंकी ठिकानों को उजाड़ दिया है। हमारे जवानों ने पलक झपकते ही पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया। अभी कल ही देश और दुनिया ने देखा है, फिर एक पाकिस्तानी आतंकी ने रो-रोकर अपना हाल बताया है। ये नया भारत है। ये किसी की परमाणु धमकियों से नहीं डरता। उन्होंने कहा कि महाराजा भोज का शौर्य हमें राष्ट्र गौरव की रक्षा की सीख देता है। महर्षि दधीचि का त्याग सेवा का संकल्प देता है। इसी से प्रेरणा लेकर आज देश, मां भारती की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज ही के दिन देश ने सरदार पटेल की फौलादी इच्छाशक्ति का उदाहरण देखा था। भारतीय सेना ने हैदराबाद को अनेकों अत्याचारों से मुक्त कराकर, उनके अधिकारों की रक्षा करके भारत के गौरव को पुन: प्रस्थापित किया था। देश की इतनी बड़ी उपलब्धि को, और उस उपलब्धि को, सेना के इतने बड़े शौर्य को, कई दशक बीत गए, कोई याद करने वाला नहीं था, लेकिन आपने मुझे मौका दिया, हमारी सरकार ने 17 सितंबर, सरदार पटेल, हैदराबाद की घटना, उसको अमर कर दिया है। हमने भारत की एकता के प्रतीक इस दिन को हैदराबाद लिबरेशन डे के तौर पर मनाने की शुरुआत की है। और आज हैदराबाद में शान से लिबरेशन डे का कार्यक्रम भी किया जा रहा है।
विकसित भारत के चार स्तंभ, नारी-युवा, गरीब और किसान
स्वतंत्रता सेनाओं ने अपना सब कुछ देश को समर्पित कर दिया था। उनका सपना था, विकसित भारत। इसी प्रेरणा से भारत के 140 करोड़ लोगों ने विकसित भारत का संकल्प लिया है। इस यात्रा के चार प्रमुख स्तंभ हैं, नारीशक्ति, युवाशक्ति, गरीब और किसान। इस कार्यक्रम में इन चारों स्तंभों को नई मजबूती देने का काम हुआ है। आज नारीशक्ति का बहुत ध्यान रखा गया है, कार्यक्रम तो धार में हो रहा है, लेकिन ये पूरे देश के लिए हो रहा है, पूरे देश की माताओं-बहनों के लिए हो रहा है। यहां से स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान शुरु हो रहा है। नारीशक्ति राष्ट्र की प्रगति का मुख्य आधार हैं। हम सब देखते हैं, घर में अगर माँ ठीक रहती है, तो पूरा घर ठीक रहता है। अगर मां बीमार हो जाए, तो परिवार की व्यवस्थाएं चरमरा जाती हैं। इसीलिए, स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान चलाया जा रहा। मोदी ने कहा कि हमारा मकसद है, एक भी महिला, जानकारी या संसाधनों के अभाव में गंभीर बीमारी का शिकार न हो। बहुत सारी बीमारियां चुपचाप आती है और पता न चलने के कारण धीरे-धीरे बड़ी बन जाती है। जीवन और मृत्यु का खेल शुरू हो जाता है।
अिभयान के तहत लगने वाले स्वास्थ्य कैंपों में जाकर जांचें करवाएं। इसके लिए एक नया पैसा नहीं देना पड़ेगा। जांच भी मुफ्त, दवाई भी मुफ्त। उत्तम स्वास्थ्य से सरकारी तिजोरी की ज्यादा कीमत नहीं है, ये तिजोरी माताओं-बहनों के लिए है।
सिकल सेल एनीमिया के पहले कार्ड की शुरुआत शहडोल से
मोदी ने कहा कि मप्र के आदिवासी इलाकों में सिकल सेल एनीमिया बड़ा संकट होता है। आदिवासियों को इस बीमारी से बचाने के लिए सरकार राष्ट्रीय मिशन चला रही है। इसकी शुरुआत 2023 में शहडोल से की थी। शहडोल में सिकल सेल स्क्रीनिंग का पहला कार्ड दिया था और आज 1 करोड़वां कार्ड भी मप्र में वितरित हुआ है। अब तक इस अभियान के तहत पूरे देश में 5 करोड़ से ज्यादा लोगों की स्क्रीनिंग हो चुकी है। सिकल सेल स्क्रीनिंग से आदिवासी समाज के लाखों लोगों का जीवन सुरक्षित हुआ है, और बहुत लोगों को इसका पता नहीं होगा।
दुनिया के बाजार में धार चमकने वाला है
विश्वकर्मा जयंती के दिन आज बड़ी औद्योगिक शुरुआत भी हो रही है। देश के सबसे बड़े इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल पार्क का शिलान्यास यहां हुआ है। इससे देश की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को नई ऊर्जा मिलेगी। किसानों सही मूल्य मिलेगा। पीएम मित्र पार्क से बड़ी संख्या में रोजगार मिलेगा। मप्र में माहेश्वरी वस्त्रों की पुरानी परंपरा रही है। देवी अहिल्याबाई होलकर ने माहेश्वरी साड़ी को नया आयाम दिया था। कुछ ही समय पहले, हमने अहिल्याबाई होल्कर जी की 300वीं जयंती मनाई है। अब धार में पीएम मित्र पार्क के जरिए, एक प्रकार से हम देवी अहिल्याबाई की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। पार्क में बुनाई, क्वालिटी चेक, मार्केट तक पहुंच बढ़ेगी। यहां स्पिनिंग, डिजाइनिंग, प्रोसेसिंग और निर्यात भी होगा। दुनिया के बाजार में धार चमकने वाला है।
जो भी खरीदें, उसमें हिंदुस्तानी का पसीना हो
मोदी ने कहा कि ये समय त्योहारों का है। स्वदेशी का मंत्र भी लगातार दोहराना है, जीवन में उतारना है। मेरी 140 करोड़ देशवासियों से प्रार्थना है जो भी खरीदें, वो देश में ही बना होना चाहिए। जो भी खरीदें, उसमें पसीना किसी न किसी हिंदुस्तानी का होना चाहिए। जो भी खरीदें, उसमें हिंदुस्तान की मिट्टी की महक हो। मोदी ने व्यापारियों से आग्रह किया कि आप भी देश के लिए मेरी मदद कीजिए, देश के लिए मेरा साथ दीजिए, और मैं मदद देश के लिए चाहता हूं। महात्मा गांधी ने स्वदेशी को आज़ादी का माध्यम बनाया था। अब हमें स्वदेशी को विकसित भारत की नींव बनाना है। ये तब होगा, जब हम अपने देश में बनी हुई हर चीज पर गर्व करेंगे। हम छोटी से छोटी चीज भी खरीदें, हम बच्चों के लिए खिलौने खरीदें, दीवाली की मूर्तियाँ खरीदें, घर को सजाने के लिए समान खरीदें, या मोबाइल, टीवी, फ्रिज जैसी कोई बड़ी चीज खरीदें, हमें सबसे पहले देखना चाहिए कि क्या ये हमारे देश में बना है? इसलिए, नवरात्रि के पहले दिन से जीएसटी की कम दरें भी लागू हो रही है। स्वदेशी चीजें ही खरीदकर इसका लाभ उठाना है।
Created On :   18 Sept 2025 2:22 PM IST