मणिपुर में फिर भड़की हिंसा: CM आवास के बाहर शव रखकर प्रदर्शन, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले, 2 लोगों की हत्या के बाद मचा बवाल

CM आवास के बाहर शव रखकर प्रदर्शन, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले, 2 लोगों की हत्या के बाद मचा बवाल
करीब 16 लोगों का समूह सोमवार सुबह अपने गांव के पास पहाड़ियों में लकड़ी लेने गया था। इसी दौरान संदिग्ध हथियारबंद हमलावरों ने उन पर हमला किया। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, कई लोग घायल भी बताए जा रहे है।

डिजिटल डेस्क, इंफाल। मणिपुर में गोलीबारी हिंसा के बाद इंफाल में फिर से तनाव बढ़ गया है। मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह के आवास के बाहर उस समय बवाल मच गया जब प्रदर्शनकारियों ने गोलीबारी में मारे गए 2 लोगों के शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। सीएम आवास के बाहर स्थिति बिगड़ने पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। गोलीबारी की इस घटना में मणिपुर में सुरक्षा व्यवस्था और लगातार हो रही हिंसा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। सोमवार 19 अक्टूबर 2026 को इंफाल में हिंसा हुई।

शुरुआती रिपोर्टों में दो लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई, जबकि बाद की कुछ रिपोर्टों में मृतकों की संख्या तीन बताई गई। मृतकों में 35 वर्षीय अरुबम रोनिल और 51 वर्षीय लैरेनलाकपम इनओबी की पहचान की गई है।

गोलीबारी की घटना राज्य में जारी जातीय हिंसात्मक तनाव के बीच सामने आई है। हत्या की खबर फैलने के बाद स्थानीय लोग विरोध जताने के लिए इंफाल स्थित सीएम आवास पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने आवास के मैन गेट के बाहर शव रख दिए और हिंसा रोकने की मांग की।

मिली जानकारी के अनुसार करीब 16 लोगों का समूह सोमवार सुबह अपने गांव के पास पहाड़ियों में लकड़ी लेने गया था। इसी दौरान उन पर हमला हुआ। इंफाल पूर्व और कांगपोकपी जिलों की सीमा के नजदीक संदिग्ध हथियारबंद हमलावरों ने जलावन की लकड़ी लेने गए लोगों के एक समूह पर फायरिंग की। गोलीबारी में कई लोग घायल हुए, जबकि कुछ लोगों के लापता होने की भी सूचना मिली। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हमले के पीछे कौन लोग थे, इसकी जांच की जा रही है।

इससे पहले कामजोंग जिले के चस्साद गांव में भी फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत और कई लोग घायल हुए थे। मणिपुर में लगातार हो रही हिंसक घटनाओं के बीच शांति बहाल करना शासन- प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है।

Created On :   19 Oct 2026 5:43 PM IST

Tags

Next Story