मध्यप्रदेश: प्रदेश में 7500 आरक्षकों की सीधी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, कल से भरे जाएंगे फॉर्म

प्रदेश में 7500 आरक्षकों की सीधी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, कल से भरे जाएंगे फॉर्म
  • प्रदेश में 7500 आरक्षकों की सीधी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी
  • कल से भरे जाएंगे 7500 आरक्षकों की सीधी भर्ती फॉर्म
  • अगले साल पुलिस बोर्ड करेगा भर्ती

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र पुलिस मुख्यालय, गृह विभाग (पुलिस) के अंतर्गत पुलिस आरक्षकों के 7500 पदों के लिए आरक्षक संवर्ग की सीधी भर्ती चयन परीक्षा-2025 का नोटिफिकेशन जारी किया गया है। परीक्षा के आवेदन-पत्र 15 सितम्बर से 29 सितम्बर 2025 तक ऑनलाईन भरे जाएंगे।

30 अक्टूबर से परीक्षा 11 शहरों, भोपाल, इंदौर, जबलपुर, खंडवा, नीमच, रीवा, रतलाम, सागर, सतना, सीधी और उज्जैन में होगी। परीक्षा की नियम पुस्तिका मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाईट www.esb.mp.gov.in पर अपलोड की गई है। आवेदक इसे डाउनलोड कर प्रावधान अनुसार अपना आवेदन पत्र भर सकते हैं।

सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 500 रुपए, एससी, एसटी, ओबीसी और विकलांग कैटेगरी में शामिल अभ्यर्थियों को 250 रुपए आवेदन फीस लगेगी। उम्मीदवारों को मंडल द्वारा तय शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा को पूरा करना अनिवार्य होगा। मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में पिछले 8 सालों से भर्ती नहीं हुई है। वहीं पुलिस भर्ती को लेकर सीएम मोहन यादव ने स्वीकृति दी थी।

अगले साल पुलिस बोर्ड करेगा भर्ती

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस आरक्षकों की भर्ती की घोषणा की थी, जिस पर अमल किया गया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर 22 हजार 500 आरक्षकों की भर्ती की जाना है। सभी भर्तियां आगामी 3 साल में होगी। हर साल 7500 भर्तियां की जाएगी। पहले वर्ष में की जाने वाली भर्ती कर्मचारी चयन मंडल से और आगामी 2 वर्षों की भर्तियां मप्र पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा की जाएगी। आरक्षक भर्ती के लिये पुलिस भर्ती बोर्ड गठन का भी गठन होना है।

Created On :   13 Sept 2025 11:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story