- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख का आरोप...
Nagpur News: पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख का आरोप - काटोल-नरखेड विधानसभा क्षेत्र में हुई 35,535 वोटों की चोरी

- मध्यप्रदेश की सरपंच ने किया महाराष्ट्र में मतदान
- विधायक चरणसिंह ठाकुर के भाईयों के 2 बार नाम
- महिला सरपंच का बोगस मतदान
Nagpur News. मतदाता सूची में गड़बड़ी और बोगस मतदान के आरोप-प्रत्यारोप के बीच राज्य के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख ने दावा किया है कि काटोल-नरखेड विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 35,535 वोटों की चोरी हुई। मतदाता सूची में गड़बड़ी की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि विधायक चरणसिंह ठाकुर के 2 भाईयों के नाम मतदाता सूची में 2 स्थान पर है। अनियमितता यहां तक रही कि मध्यप्रदेश की महिला सरपंच व उनके पति ने महाराष्ट्र में मतदान किया। गुरुवार को सिविल लाइन स्थित आवास पर पूर्व गृहमंत्री देशमुख ने पत्रकार वार्ता में जानकारी दी। राकांपा शरदचंद्र पवार के वरिष्ठ नेता देशमुख काटोल-नरखेड क्षेत्र से लंबे समय तक विधायक रहे हैं। 2024 में वे पराजित हुए। देशमुख ने कहा-भाजपा से समाज का प्रत्येक वर्ग नाराज है। लोकसभा चुनाव में भाजपा को महाराष्ट्र में नागरिकों ने झटका दिया। लिहाजा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर षड़यंत्र रचा। मतदाता सूची में गड़बड़ी कराकर मत चुराए।
यह भी पढ़े -निर्माणाधीन सीमेंट रास्ते पर दुर्घटना में बुजुर्ग की मौत, रास्ते का निर्माणकार्य मुसीबत का सबब
13 टीम ने की पड़ताल
देशमुख ने कहा अनेक स्थान पर मतदाता सूची में गड़बड़ी सामने आने पर काटोल-नरखेड विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची की पड़ताल के लिए 13 टीम तैयार की गई। 3 माह तक पड़ताल में अनेक बातें सामने आयी है। 2019 में विधानसभा चुनाव व 2024 में लोकसभा चुनाव के बीच 1925 मतों की बढ़ोतरी हुई। लेकिन लोकसभा चुनाव 2024 से विधानसभा चुनाव 2024 के बीच 5 माह के अंतराल में 8,400 मतों की बढ़ोतरी हो गई। लोकसभा चुनाव में जिन कार्यकर्ताओं ने मतदान किया उनमें से कई कार्यकर्ताओं व उनके परिवार के सदस्यों के नाम विधानसभा चुनाव 2024 की मतदाता सूची में नहीं थे। बच्चे और पिता के नाम में अंतर, घर क्रमांक शून्य, एक ही व्यक्ति का नाम शहर व गांव की मतदाता सूची में पाए गए। इससे यह भी होगा कि शहर में मतदान कर चुके नागरिक ग्रामीण में जिला परिषद, नगर परिषद के चुनाव मे दोबारा मतदान करेंगे। ये अधिकतर मतदाता भाजपा के कार्यकर्ता हैं।
थाने में शिकायत
काटोल के विधायक चरणसिंह ठाकुरे के भाई दिलीप व मुन्ना ठाकुर के नाम दो स्थान पर है। कोंढाली के भाजपा पदाधिकारी योगेश शेषराव चाफले ने अपना नाम कोंढाली नगर पंचायत और दुधाल जिला परिषद के काटेपांजरा गांव की मतदाता सूची में डलवाया। कोंढाली नगर पंचायत के राकांपा के नगराध्यक्ष पद के उम्मीदवार संजय राऊत का नाम वानाडोंगरी नगर पंचायत में स्थलांतरित कर दिया गया, जबकि राऊत ने नाम स्थलांतरण के लिए कोई आवेदन नहीं किया है। इस प्रकरण की जांच के लिए तहसीलदार हिंगणा ने हिंगणा पुलिस स्टेशन में शिकायत भी दर्ज करायी है।
महिला सरपंच का बोगस मतदान
काटोल-नरखेड विधानसभा क्षेत्र मध्यप्रदेश की सीमा से लगा है। यह शिकायत भी मिल रही है कि मध्यप्रदेश के कई नागरिकों के नाम काटोल-नरखेड विधानसभा क्षेत्र में शामिल कराए गए है। मध्यप्रदेश के लांगा की सरपंच वनीता पराडकर उनके पति उपसरपंच गणपति पराडकर भाजपा कार्यकर्ता है। जानकारी मिली है कि दोनों ने काटोल-नरखेड क्षेत्र मे मतदान किया।
Created On :   6 Nov 2025 6:18 PM IST













