Nagpur News: नए ग्रुप ने मारी बाजी वर्चस्व वाले भी पिछड़े , मौदा, रामटेक के रेत घाट 18-18 करोड़ में नीलाम

नए ग्रुप ने मारी बाजी वर्चस्व वाले भी पिछड़े , मौदा, रामटेक के रेत घाट 18-18 करोड़ में नीलाम
नई रेत पॉलिसी, बोली में बड़ा उलटफेर

Nagpur News नई रेत पॉलिसी आने के बाद रेत घाटों की नीलामी में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। जो रेत घाट 15 साल पहले 2 से 3 लाख में बिका करते थे, नई पॉलिसी अनुसार वे अब करोड़ से नीचे में बात नहीं कर रहे हैं। मौदा और रामटेक सब-डिवीजन के रेत घाट, जिनकी अनुमानित अपसेट प्राइट 5 करोड़ रुपए थी, उनके कुल 36 करोड़ रुपए में बिकने की जानकारी है। मौदा के 9 रेत घाट 18 करोड़ और रामटेक के 8 रेत घाट 18.70 करोड़ रुपए में बिकने की चर्चा है। बोली की यह प्रक्रिया मंगलवार रात भर यानी बुधवार की सुबह 6 बजे तक चली।

विशेष यह कि इसमें भी नए ग्रुप ने उतरकर वर्चस्व वाले ग्रुप को मात दे दी। सुबह तक चली बोली में दूसरे नंबर पर रहे ग्रुप ने अचानक बोली से हाथ खिंच लिए, जिस कारण नये ग्रुप की बोली पर यह फाइनल होने का दावा किया गया है। इसे शह-मात का खेल भी माना जा रहा है। फिलहाल आसमान छूती कीमतों पर रेत घाटों के खरीदे जाने से आने वाले दिनों में रेत की कीमतें गगनचुंबी इमारतों की तरह ऊपर जाने की उम्मीद बढ़ गई है।

कीमतों पर तुरंत असर : सूत्रों की माने तो जो 400 फीट रेत का ट्रक 7 से 8 हजार रुपए में मिलता था, उसकी कीमतों में तुरंत ही असर देखने को मिला। बुधवार को ही यह ट्रक पहले की अपेक्षा अधिक दामों पर बिके। हालांकि दावा किया गया था कि नई रेत पॉलिसी के कारण रेत के दाम घटेंगे। इससे पहले मंगलवार को सावनेर सब-डिवीजन के 6 रेत घाट 7.88 करोड़ रुपए में बिकने की जानकारी सामने आई थी।

देर शाम को सर्वर में खराबी आने से मौदा और रामटेक सब-डिवीजन के रेत घाटों की प्रक्रिया रुक गई थी, जो बाद में पूरी रात चली। सुबह 6.10 बजे यह प्रक्रिया पूरी होने का दावा किया गया है। अधिकारी भी रात भर वेबसाइट के सामने डटे रहे। मंगलवार दिन और रात भर के थके-हारे अधिकारी बुधवार को इस स्थिति में नहीं थे कि वे इस पर कोई बात कर सके। ऐसे में कीमतों को लेकर प्रशासन से आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी, लेकिन विश्वसनीय सूत्र ने इन आंकड़ों पर ही खरीदी-बिक्री होने का दावा किया है।

Created On :   6 Nov 2025 11:34 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story