- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- श्मशान घाट से राख और हड्डियां हुईं...
Nagpur News: श्मशान घाट से राख और हड्डियां हुईं गायब , उमरेड थाने में मामला दर्ज

Nagpur News Umred तहसील के भिवापुर वाई-प्वाइंट के पास स्थित श्मशान घाट में चौंकाने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। एक मृत लड़की के अंतिम संस्कार के बाद अगले दिन उसकी राख और हड्डियां श्मशान से गायब हो गईं। इस प्रकरण में अघोरी कृत्य या तंत्र-मंत्र (जादू-टोना) का संदेह जताया जा रहा है। घटना 3 से 4 नवंबर के बीच की बताई जा रही है। पिता किशोर लक्ष्मण बावनकुले (44), बुटीबोरी निवासी ने उमरेड थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
राख एकत्र करने गए, तब हुआ खुलासा : किशोर ने बताया कि उनकी बहन चंदा चंद्रशेखर पाटील उमरेड में अपने पति और दो बेटियों के साथ रहती है। कुछ दिन से बीमार छोटी बेटी साक्षी का सोमवार, 3 नवंबर को सुबह निधन हो गया। उमरेड ग्रामीण अस्पताल में पंचनामा और मेडिकल जांच के बाद साक्षी का शव परिजनों को सौंपा गया। पश्चात दोपहर 1 बजे भिवापुर वाई प्वाइंट के पास स्थित श्मशान भूमि पर उसका अंतिम संस्कार किया गया, लेकिन मंगलवार को सुबह करीब 8 बजे जब परिजन राख एकत्र करने के लिए श्मशान घाट पहुंचे, तो साक्षी की राख और हड्डियां वहां से गायब थीं।
मामा ने जताया संदेह : किशोर बावनकुले ने अपनी शिकायत में अज्ञात व्यक्ति द्वारा अघोरी कृत्य या जादूटोना करने के उद्देश्य से राख और हड्डियां चुराने का संदेह जताया है। घटना से पूरे क्षेत्र में भय और बेचैनी का माहौल है। उमरेड पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 301 तथा महाराष्ट्र नरबलि व अन्य अमानवीय, अनिष्ट और अघोरी प्रथा एवं जादू-टोना प्रतिबंधक अधिनियम- 2013 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया है। आगे की जांच पुलिस कर रही है।
Created On :   5 Nov 2025 1:50 PM IST















