- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- जल्द गुलाबी ठंड...इस माह गिर सकता...
Nagpur News: जल्द गुलाबी ठंड...इस माह गिर सकता है 10-11 डिग्री तक पारा

Nagpur News नवंबर का महीना शुरू हो चुका है, लेकिन ठंड का असर महसूस नहीं हो रहा है। आमतौर पर दिवाली के बाद से ही नागपुर और आसपास के इलाकों में हल्की गुलाबी ठंड की शुरुआत हो जाती है। इस बार मौसम में देरी से बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम को हल्की ठंडी हवा जरूर चल रही है, मगर रात का पारा अब तक सामान्य बना हुआ है।
यह भी पढ़े -नए ग्रुप ने मारी बाजी वर्चस्व वाले भी पिछड़े , मौदा, रामटेक के रेत घाट 18-18 करोड़ में नीलाम
मौसम विभाग के अनुसार, शहर में अब से 3-4 दिन के भीतर ठंड की दस्तक शुरू हो जाएगी। 7 से 8 नवम्बर के बीच शहर में रात का तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। इस दौरान दिन का तापमान 28 से 31 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तापमान में यह गिरावट ठंड की शुरुआत का संकेत है।
नवंबर अंत में ठंड की तीव्रता बढ़ेगी : विभाग का अनुमान है कि नवंबर के मध्य तक शहरवासियों को ठंड का पूरा अनुभव होने लगेगा। इस महीने के अंतिम सप्ताह में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रहेगा। पिछले कुछ वर्षों की तुलना में यह तापमान औसत से थोड़ा कम रहेगा, जिससे नवंबर के आखिरी दिनों में ठंड की तीव्रता बढ़ने की उम्मीद है।
10 साल के दौरान तापमान रुझान : मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, पिछले 10 वर्ष में नवंबर माह में सबसे ठंडा वर्ष 2016 रहा, जब पारा 9.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इसके बाद 2017 में भी तापमान 10 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया था। इस वर्ष भी विभाग ने 10 से 12 डिग्री तक तापमान गिरने की संभावना जताई है।
उत्तर-पश्चिमी हवाएं और पश्चिमी विक्षोभ : मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस परिवर्तन की मुख्य वजह उत्तर-पश्चिमी हवाएं हैं। हाल ही में आया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की ओर बढ़ गया है, जिसके कारण हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। इन बर्फीली हवाओं के दक्षिण की ओर बढ़ने से मध्य भारत, खासकर विदर्भ क्षेत्र के तापमान में कमी आने लगी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 से 18 नवम्बर तक गुलाबी ठंड का असर तेज होगा। सर्दियों के कपड़ों की मांग बढ़ेगी।
Created On :   6 Nov 2025 12:50 PM IST














