Breaking News: आज की बड़ी खबरें 11 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 12 Oct 2025 1:01 AM IST
महिला विश्व कप इंग्लैंड की सफलता में स्पिनरों का अहम योगदान, 3 मैच में लिए इतने विकेट
महिला विश्व कप 2025 में इंग्लैंड की टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है। इंग्लैंड ने अब तक खेले तीनों मैच जीतकर अंक तालिका में पहला स्थान हासिल किया है। इंग्लैंड की सफलता में उसके स्पिन गेंदबाजों का अहम योगदान रहा है।
- 12 Oct 2025 12:32 AM IST
टीएमसी ने भाजपा पर दुर्गापुर गैंगरेप की घटना का राजनीतिकरण करने का लगाया आरोप
पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज के बाहर द्वितीय वर्ष की एक मेडिकल छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार की घटना के बाद, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने शनिवार को ओडिशा में एक महिला कॉलेज छात्रा के साथ हुए गैंगरेप के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
- 11 Oct 2025 11:54 PM IST
छत्तीसगढ़ सुरक्षा बलों ने छह माओवादियों को किया गिरफ्तार, साजिश नाकाम, आईईडी निष्क्रिय
सुरक्षा बलों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा जिले में छह संदिग्ध माओवादियों को गिरफ्तार किया। साथ ही, मंगनार रोड के पास लगाए गए एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को चलाया गया यह अभियान क्षेत्र में माओवादियों के प्रभाव को खत्म करने के लिए किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है।
- 11 Oct 2025 11:32 PM IST
भाजपा विधायकों का दावा, मणिपुर में जल्द खत्म होगा राष्ट्रपति शासन
दिल्ली में केंद्रीय नेताओं से मुलाकात के बाद शनिवार को इंफाल लौटे पांच भाजपा विधायकों ने मणिपुर में जल्द सरकार के गठन की उम्मीद जताई। मणिपुर में पिछले 8 महीनों से राष्ट्रपति शासन लागू है। मणिपुर के लगभग 26 भाजपा विधायक पिछले हफ्ते और इस हफ्ते की शुरुआत में दिल्ली गए थे ताकि पार्टी के केंद्रीय नेताओं से मिलकर राज्य में जल्द से जल्द एक लोकप्रिय सरकार बनाने का आग्रह कर सकें। इसमें से पांच भाजपा विधायक शनिवार को मणिपुर लौट आए, लेकिन ज्यादातर विधायक अभी भी दिल्ली में हैं।
- 11 Oct 2025 10:57 PM IST
महिला विश्व कप बल्ले के बाद गेंद से नेट सेवियर ब्रंट का शानदार प्रदर्शन, इंग्लैंड ने श्रीलंका को 89 रन से हराया
महिला विश्व कप 2025 के 12वें मैच में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 89 रन से हरा दिया है। श्रीलंका विश्व कप में अब तक एक भी मैच नहीं जीत सकी है। कोलंबो के आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में श्रीलंका को जीत के लिए 254 रन का लक्ष्य मिला था। श्रीलंका की टीम 45.4 ओवर में 164 रन पर सिमट गई और 89 रन के बड़े अंतर से मैच हार गई।
- 11 Oct 2025 10:23 PM IST
दिल्ली मलेशियाई दूतावास में आसियान बाजार 2025 का भव्य आयोजन, 16 देशों ने लिया भाग
राजधानी दिल्ली में स्थित मलेशियाई दूतावास में शनिवार को आसियान बाजार 2025 का रंगारंग आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न एशियाई देशों के उत्पादों, पारंपरिक हस्तशिल्प, खाद्य प्रदर्शनियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। आयोजन स्थल पर सुबह से ही देशी और विदेशी आगंतुकों की भीड़ देखने को मिली।
- 11 Oct 2025 9:57 PM IST
दूरसंचार क्षेत्र में डिजिटल क्रांति 'सारस' के अंतर्गत अब तक 3.18 लाख करोड़ रुपए का कारोबार
दूरसंचार विभाग ने 'सारस' (एसएआरएएस- एलएफ राजस्व और एसयूसी के आकलन हेतु प्रणाली) के माध्यम से वित्तीय अनुपालन को डिजिटल और पारदर्शी बनाने में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। वित्त वर्ष 2020-21 से लागू यह मॉड्यूलर, अनुकूलन योग्य और स्केलेबल प्रणाली दूरसंचार क्षेत्र में लाइसेंस शुल्क (एलएफ), स्पेक्ट्रम उपयोग शुल्क (एसयूसी) और अन्य वित्तीय प्रक्रियाओं को सरल, मानकीकृत और कागज रहित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। संचार लेखा महानियंत्रक (सीजीसीए) कार्यालय की देखरेख में यह प्रणाली भारत के डिजिटल शासन को मजबूत कर रही है।
- 11 Oct 2025 9:31 PM IST
बड़ा उलटफेर, नामीबिया ने एकमात्र टी20 में दक्षिण अफ्रीका को 4 विकेट से हराया
क्रिकेट जगत में नामीबिया ने बड़ा उलटफेर कर दिया है। नामीबिया ने अपने घर में खेले गए एकमात्र टी20 मैच में दक्षिण अफ्रीका को 4 विकेट से हरा दिया। नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड, विंडहोक में खेला गया यह मुकाबला दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया के बीच पहला टी20 मैच था, जिसमें नामीबिया विजेता बनकर उभरी।
- 11 Oct 2025 8:32 PM IST
पीएम मोदी किसानों की आय बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत - भजनलाल शर्मा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार को प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना (पीएम-डीडीकेवाई) और 'दलहन आत्मनिर्भरता मिशन' का उद्घाटन किया गया। जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के किसानों के लिए इन योजनाओं का शुभारंभ किया गया।
- 11 Oct 2025 8:12 PM IST
बिहार तीसरा गठबंधन बनाने में जुटा एआईएमआईएम, 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा
बिहार विधानसभा चुनाव में अब तीसरे मोर्चे की सुगबुगाहट भी शुरू हो गई है। इस बीच, एआईएमआईएम ने बिहार की 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एआईएमआईएम अपनी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरने जा रही है। एआईएमआईएम के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने शनिवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि हम बिहार चुनाव में तीसरा विकल्प पेश करने की कोशिश में लगे हैं। रविवार को कुछ घोषणा की जाएगी।
Created On :   11 Oct 2025 8:00 AM IST












