Breaking News: आज की बड़ी खबरें 11 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 11 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव
11 अक्टूबर 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 11 Oct 2025 7:27 PM IST

    विरोधी पक्ष के लोगों के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई: खंडेलवाल

    गिहार चुनाव को लेकर भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, "पिछले कई सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बिहार में विकास का एक दौर शुरू हुआ है। हमारी NDA की सरकार ने बिहार में वो आयाम स्थापित किए हैं। यही देख कर विरोधी पक्ष के लोगों के पैरों के नीचे से राजनीतिक जमीन खिसक गई है। इसलिए वे तमाम आरोप प्रत्यारोप से जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं।  

  • 11 Oct 2025 7:09 PM IST

    बलात्कार मामले में बोली मंत्री शशि

    दुर्गापुर कथित सामूहिक बलात्कार मामले पर पश्चिम बंगाल की मंत्री शशि पांजा ने कहा, पीड़िता के माता-पिता आए हैं और वो भी पश्चिम बंगाल सरकार पर विश्वास रखते हैं और पुलिस की कार्रवाई पर भी विश्वास रखते हैं। इसी बीच भाजपा अपनी ओर से टिप्पणी कर रही है। हम लोग इतना ही कह सकते हैं कि इसमें वो राजनीतिक फायदा न उठाए और इसे राजनीतिक चश्मे से भी न देखें।

  • 11 Oct 2025 6:40 PM IST

    बलात्कार मामले में पीड़िता का इलाज जारी

    दुर्गापुर कथित सामूहिक बलात्कार मामले पर पश्चिम बंगाल की मंत्री शशि पांजा ने कहा, 'दुर्गापुर के निजी अस्पताल में कल रात एक घटना घटी जहां आरोप है कि एक लड़की के साथ गैंग रेप हुआ। तुरंत पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और कार्रवाई चल भी रही है और उस पीड़िता का इलाज चल रहा है। 

  • 11 Oct 2025 6:27 PM IST

    पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस ने पाकिस्तान से जुड़े हथियार तस्करी मॉड्यूल का किया भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

    पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पाकिस्तान से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया। इस खुफिया सूचना पर आधारित ऑपरेशन में अमृतसर से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इस बात की जानकारी डीजीपी पंजाब पुलिस की आधिकारिक 'एक्स' पोस्ट के जरिए दी गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश उर्फ अशु मसीह, अंग्रेज सिंह और अर्शदीप सिंह के रूप में हुई है। तीनों आरोपी तरनतारन जिले के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल आठ पिस्तौल बरामद की हैं, जिनमें तीन 9एमएम पिस्तौल और पांच .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं, साथ ही संबंधित मैगजीन भी जब्त की गई हैं।

  • 11 Oct 2025 6:13 PM IST

    महाराष्ट्र बाढ़ राहत पैकेज की घोषणा, परिवहन मंत्री सरनाइक ने बताया ऐतिहासिक कदम

    महाराष्ट्र सरकार ने बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए 31,628 करोड़ रुपए का राहत पैकेज घोषित कर दीपावली से पहले बड़ी राहत दी है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए विपक्ष के हंबरडा मोर्चा को 'राजनीतिक नाटक' करार दिया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हित में प्रतिबद्ध है, और मोर्चा निकालने की बजाय विपक्ष को शासन की योजनाओं का लाभ उठाने पर ध्यान देना चाहिए।

  • 11 Oct 2025 6:02 PM IST

    भारत बनाम वेस्टइंडीज दूसरे दिन का खेल समाप्त, भारत के 518 के जवाब में वेस्टइंडीज का स्कोर 140/4

    अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम, नई दिल्ली में चल रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन की समाप्ति के समय वेस्टइंडीज ने 4 विकेट के नुकसान पर 140 रन बना लिए थे। वेस्टइंडीज भारत से पहली पारी के आधार पर 378 रन पीछे है। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के समय शाई होप 46 गेंद पर 31 और टेविन इम्लाच 31 गेंद पर 14 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच 33 रन की साझेदारी हो चुकी है। जॉन कैंपबेल 10 और तेजनारायण चंद्रपॉल 34, एलिक अथांजे 41 और कप्तान रॉस्टन चेज 0 पर आउट हुए। वेस्टइंडीज पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है। तीसरे दिन वेस्टइंडीज को फॉलोऑन से बचना है, तो शाई होप को बड़ी पारी खेलनी होगी, साथ ही अन्य बल्लेबाजों को भी उपयोगी अंशदान देना होगा।

  • 11 Oct 2025 5:36 PM IST

    पूर्वोत्तर भारत की परिधि नहीं, बल्कि देश की ग्रोथ स्टोरी का धड़कता दिल है पीएमओ

    प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से शनिवार को कहा गया कि पूर्वोत्तर भारत की परिधि नहीं, नहीं बल्कि देश की ग्रोथ स्टोरी का धड़कता दिल है। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि नए हवाई अड्डों से लेकर सशक्त स्वयं सहायता समूहों तक और कनेक्टिविटी से लेकर क्रिएटिविटी तक, अरुणाचल प्रदेश विकसित भारत की भावना को दर्शाता है। पीएमओ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा लिखा गया एक आर्टिकल साझा किया। केंद्रीय मंत्री सिंधिया के इस पोस्ट में उन्होंने देश की ग्रोथ स्टोरी में अरुणाचल प्रदेश के बढ़ते महत्व को रेखांकित किया।

  • 11 Oct 2025 5:24 PM IST

    हरियाणा अग्निवीर शहीद समय सिंह का पार्थिव शरीर पहुंचा नूंह, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

    करवा चौथ से ठीक पहले नूंह के कुर्थला गांव में शोक की लहर छा गई। उत्तराखंड के हर्षिल आर्मी कैंप के पास 5 अगस्त 2025 को बादल फटने और बाढ़ में लापता हुए 19 वर्षीय अग्निवीर समय सिंह का पार्थिव शरीर शनिवार को उनके पैतृक गांव कुर्थला पहुंचा। लगभग दो महीने बाद बरामद उनके शव का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान हजारों लोग मौजूद हुए। कांग्रेस विधायक आफताब अहमद, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, जिला प्रशासन और सैन्य टुकड़ियां शामिल हुईं। शहीद के सम्मान में नारे गूंजे, और हर आंख नम थी।

  • 11 Oct 2025 5:00 PM IST

    किसानों के लिए लॉन्च की गई नई योजनाएं एक ऐतिहासिक सौगात, बेहतर होगा अन्नदाताओं का जीवन

    केंद्रीय मंत्रियों ने शनिवार को पीएम मोदी द्वारा 42 हजार करोड़ रुपए से अधिक की कृषि परियोजनाओं को लॉन्च करने की सराहना करते हुए कहा कि इन योजनाओं से किसानों के जीवन में नई ऊर्जा और अपार संभावनाएं आएंगी। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज लॉन्च की गई नई योजनाएं कृषि और किसानों के लिए एक ऐतिहासिक सौगात है और यह पहल अन्नदाताओं के जीवन में नई उम्मीद लेकर आएगी। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में लिखा, "पीएम मोदी ने आज पूसा परिसर, नई दिल्ली से 'प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना' और 'दलहन आत्मनिर्भरता मिशन' का शुभारंभ करने के साथ ही अन्नदाता किसान भाई-बहनों को 42,000 करोड़ से अधिक की कृषि और संबद्ध क्षेत्रों से जुड़ी परियोजनाओं का उपहार दिया।"

  • 11 Oct 2025 4:39 PM IST

    छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों के लिए शुरू हुई योजना को लेकर दिया बयान

    छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, "आज पीएम मोदी ने किसानों भाई-बहनों के लिए दो महत्वपूर्ण योजना का शुभारंभ किया है-प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना और दलहन आत्मनिर्भरता मिशन। प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना करीब 30,000 करोड़ का है और दलहन आत्मनिर्भरता मिशन 11,000 करोड़ का है। कुल 41,000 करोड़ का ये दोनों योजना है और इसमें देश के 100 जिलों को चिन्हित किया गया है। ऐसे जिलों में हर तरफ से किसानों को सुविधा दी जाएगी। इससे इन्हें बहुत लाभ होगा और ये छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य का विषय है 3 जिले हमारे छत्तीसगढ़ के भी लिए गए हैं हम इसके लिए पीएम मोदी का धन्यवाद करते हैं।"

Created On :   11 Oct 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story