अजब गजब: बैंक खाते में अचानक जमा हुए 1.13 लाख करोड़ रुपए, रातों-रात करोड़पति बना शख्स; रकम देखकर बैंक अधिकारी भी हैरान

डिजिटल डेस्क, भोपाल। कल्पना कीजिए कि सुबह उठते ही आपके बैंक खाते में इतनी बड़ी रकम दिखाई दे, जितनी देश के बड़े-बड़े उद्योगपतियों की संपत्ति से भी कई गुना अधिक हो। ऐसा ही हैरान करने वाला मामला नोएडा के रहने वाले एक युवक के साथ सामने आया है। मां के निधन के करीब दो महीने बाद उसके बैंक खाते में अचानक इतनी बड़ी रकम दिखाई दी कि युवक के साथ-साथ बैंक अधिकारी भी हैरान रह गए।
मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर सामने आई जानकारी के मुताबिक, नोएडा निवासी दीपक की मां गायत्री देवी का करीब दो महीने पहले निधन हो गया था। हाल ही में दीपक के मोबाइल पर बैंक खाते से जुड़ा एक मैसेज आया। जब उसने अपनी मां के कोटक महिंद्रा बैंक खाते का स्टेटस चेक किया तो उसमें करीब 1.13 लाख करोड़ रुपए की रकम दिखाई दे रही थी।
यह भी पढ़े -करोड़ों के मालिक ने पहनी मात्र 10 हजार रुपए की घड़ी, वजह जानकर आप भी सोचने के लिए हो जाएंगे मजबूर!
खाते में रकम देखकर उड़ गए होश
दीपक के मुताबिक, 3 अगस्त को उसे खाते में इतनी बड़ी रकम जमा होने का मैसेज मिला। पहले तो उसे इस पर विश्वास नहीं हुआ। लेकिन जब उसने बैंक खाते की जानकारी देखी तो उसमें बड़ी रकम दर्ज थी। खाते में इतने ज्यादा अंक और जीरो देखकर उसके दोस्त भी हैरान रह गए।
बताया गया कि खाते में दिखाई दे रही रकम बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की बताई गई करीब 7,438 करोड़ रुपए की संपत्ति से भी कई गुना ज्यादा थी। अचानक खाते में इतनी बड़ी रकम आने की खबर ने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया।
बैंक ने खाते को किया फ्रीज
अगली सुबह यानी 4 अगस्त को दीपक बैंक पहुंचा और अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी। बैंक अधिकारियों ने जब खाते में दिखाई दे रही रकम की जांच की तो वे भी हैरान रह गए। इसके बाद खाते को अनियमितता के चलते फ्रीज कर दिया गया।
बैंक की ओर से मामले की जांच शुरू की गई और इसे आयकर विभाग के संज्ञान में भी दिया गया। शुरुआती तौर पर इतनी बड़ी रकम खाते में दिखने के पीछे तकनीकी गड़बड़ी या किसी संदिग्ध लेनदेन की आशंका जताई गई है। हालांकि, रकम वास्तव में कैसे खाते में दिखाई दी, इसकी स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
यह भी पढ़े -आप भी टोटकों पर करते हैं विश्वास? ऐसे ही शख्स ने आंख फड़कने को रोकने के चलते किया खुद का हाल-बेहाल
लगातार फोन आने से परेशान हुआ दीपक
मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दीपक की मुश्किलें और बढ़ गईं। खबर फैलते ही उसके पास रिश्तेदारों, पड़ोसियों और मीडिया की लगातार कॉल आने लगीं। लगातार फोन आने से परेशान होकर उसने अपना मोबाइल फोन ही बंद कर दिया।
सोशल मीडिया पर भी लोग इस मामले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि इस रकम के सामने शाहरुख खान की संपत्ति भी छोटी नजर आ रही है। वहीं, कुछ लोगों ने दीपक को मजाक में देश का नया अरबपति तक बता दिया।
Created On :   8 Aug 2026 2:16 AM IST













