ताइवान में भूकंप के तेज झटके, कई इमारतें खाक

ताइवान में भूकंप के तेज झटके, कई इमारतें खाक

Bhaskar Hindi
Update: 2018-02-06 18:58 GMT

डिजिटल डेस्क, ताइपे। ताइवान में मंगलवार रात एक बार फिर भूकंप ने दस्तक दी है। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.4 मापी गई है। भूकंप के चलते राज्य के कई शहरों में नुकसान हुआ है। खासकर हुआलिन शहर की कई इमारतें जमींदोज हो गई हैं। करीब 30 बिल्डिंग क्षतिग्रस्त होने की खबरें हैं। हालांकि अभी तक इस भूकंप में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। इमरजेंसी सेवाओं को राहत और बचाव कार्य में लगा दिया गया है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक इस भूकंप का केंद्र ताइवान का हुआलिन काउंटी था। यह केंद्र बंदरगाह शहर हुआलिन से 21 किलोमीटर दूर है। ताइवान के स्थानीय समयानुसार भूकंप के झटके रात 11 बजकर 50 मिनट पर महसूस किए गए। सेंट्रल वेदर ब्यूरो की रिपोर्ट के अनुसार ताइवान में मंगलवार को 19 बार भूकंप के झटकों को महसूस किया गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक केंद्र के आस-पास के शहरों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप में हुआलिन शहर का एक बड़ा होटल भी गिर गया है। होटल का नाम मार्शल होटल है। यह एक 4 स्टार होटल था। इसमें तकरीबन 300 कमरे थे। इसमें कुछ लोगों के फंसे होने की भी खबरें हैं।

तीन दिनों में यह दूसरी बार है जब ताइवान की धरती कांपी है। पहले यहां पर 6.1 तीव्रता का भूकंप आया था। रविवार को आए इस भूकंप में दो घंटे के अंतराल में पांच भूकंप के झटके महसूस हुए थे। बता दें कि ताइवान में अक्सर भूकंप आते रहते हैं। दो टेक्‍टॉनिक प्‍लेटों के जंक्‍शन पर स्थित होने के चलते यहां आए दिन भूकंप आते रहते हैं।

पिछले साल यहां 6.4 तीव्रता के एक विनाशकारी भूकंप में 116 लोगों की मौत हो गई थी। यहां सबसे ज्यादा भयानक भूकंप सितंबर 1999 में आया था। इस भूकंप में 2400 लोग मारे गए थे। यह भूकंप 7.6 तीव्रता का था।

Similar News