झारखंड में नहीं चला मोदी का जादू, 42 प्रतिशत आबादी पर सिमटी एनडीए की सत्ता

झारखंड में नहीं चला मोदी का जादू, 42 प्रतिशत आबादी पर सिमटी एनडीए की सत्ता

Bhaskar Hindi
Update: 2019-12-23 18:10 GMT
झारखंड में नहीं चला मोदी का जादू, 42 प्रतिशत आबादी पर सिमटी एनडीए की सत्ता

डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को मुंह की खानी पड़ी है। देश में पिछले दो साल के अंदर यह सातवां राज्य है, जहां भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने सत्ता गंवाई है। दिसंबर 2017 में भाजपा और उसके सहयाेगी दल शीर्ष पर थे। मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ जैसे मध्य क्षेत्र के राज्यों में उसकी सरकार थी। बिहार में नीतीश कुमार राजद का महागठबंधन छोड़कर एनडीए में आ चुके थे और उत्तर प्रदेश में भाजपा ने रिकॉर्ड सीटों के साथ सरकार बनाई थी। एक समय 72% आबादी और 75% भूभाग वाले 19 राज्यों में एनडीए की सरकार थी।

मध्यप्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्यों के साथ अब झारखंड में भी सत्ता गंवाने के बाद वर्तमान में एनडीए के पास 16 राज्यों में ही सरकार बची है। इन राज्यों में 42% आबादी रहती है। यानी कहा जा-सकता है कि भारत के भूभाग को देखा जाए तो अब भाजपा सिर्फ कोनों में सिमटकर रह गई है।

मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में एक साथ गंवाई सत्ता

बता दें कि पहले मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में भी भाजपा ही सरकार थी। लेकिन कांग्रेस ने एक साल पहले हुए चुनावों के दौरान यहां भाजपा के हाथों से सत्ता छीन ली। मार्च 2018 से पहले आंध्र प्रदेश में भी भाजपा-टीडीपी गठबंधन की सरकार थी। लेकिन, स्पेशल स्टेटस को लेकर हुए विवाद के बाद भाजपा से गठबंधन तोड़ लिया। इसके बाद 2019 में हुए विधानसभा चुनाव में यहां वाईएसआर कांग्रेस ने सरकार बनाई और जगनमोहन रेड्डी मुख्यमंत्री बनें।

महाराष्ट्र में जीत के बावजूद नहीं बना पाए सरकार

महाराष्ट्र में भी हाल में ही हुए विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर हुए विवाद के कारण भाजपा-शिवसेना गठबंधन टूट गया। इसके बाद शिवसेना ने एनडीए का साथ छोड़ा और कांग्रेस-एनसीपी के साथ मिलकर सरकार बना ली। जम्मू-कश्मीर में भी पीडीपी के साथ मिलकर सरकार बनाने वाली भाजपा ने जून 2018 में गठबंधन से नाता तोड़ लिया था, जिसके बाद राज्य में पहले राज्यपाल शासन और बाद में राष्ट्रपति शासन लगाया गया। अनुच्छेद 370 हटाने के बाद जम्मू-कश्मीर को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बाट दिया गया है। इनमें से जम्मू-कश्मीर में विधानसभा है, जहां चुनाव होना बाकी है। लद्दाख में विधानसभा नहीं है।

कर्नाटक, मिजोरम, त्रिपुरा और मेघालय में सरकार बनाई

भाजपा ने भले ही इन सात राज्यों में सरकार गवां दी लेकिन इस दौरान उसने कर्नाटक, मिजोरम, त्रिपुरा और मेघालय में सरकार बनाई भी है। जिससे उसके हार का अंतर कुछ कम हुआ है।

इन राज्यों में है एनडीए सरकार

1. हिमाचल प्रदेश
2. हरियाणा
3. उत्तराखंड
4. उत्तर प्रदेश
5. बिहार
6. सिक्किम
7. अरुणाचल प्रदेश
8. असम
9. नागालैंड
10. मेघालय
11. मणिपुर
12. मिजोरम
13. त्रिपुरा
14. कर्नाटक
15. गुजरात
16. गोवा 

Tags:    

Similar News