- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- कोल्हापुर से 70.6 लाख की ऑनलाइन ठगी...
Amravati News: कोल्हापुर से 70.6 लाख की ऑनलाइन ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

- 11.7 लाख रुपए होल्ड, 1.90 लाख शिकायतकर्ता को लौटाए
- अमरावती शहर साइबर सेल की बड़ी कार्रवाई
Amravati News शेयर मार्केटिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर 70 लाख 6 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य को शहर साइबर सेल ने कोल्हापुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों से 11 लाख 7 हजार रुपए होल्ड किए, जिनमें से 1 लाख 90 हजार रुपए शिकायतकर्ता को वापस कर दिए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप अशोक सावरतकर (40, अहिल्याबाई होलकर नगर, फुलेवाड़ी रोड, कोल्हापुर) के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता को 6 अगस्त 2025 को व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़कर क्यूआईबी, ब्लॉक ट्रेडिंग, आईपीओ और ओटीसी ट्रेडिंग के नाम पर बड़े मुनाफे का लालच दिया गया। निवेश करवाकर आरोपियों ने कुल 70.6 लाख रुपए हड़प लिए। मामले की शिकायत पर अमरावती शहर साइबर थाने में अपराध दर्ज किया गया था। जांच में पता चला कि ठगी की राशि में से 5 लाख रुपए आरोपी सावरतकर के आईसीआईसीआई बैंक खाते में जमा हुए थे। आरोपी ने यह रकम आगे अलग–अलग खातों में ट्रांसफर कर दी थी। पुलिस ने तुरंत संबंधित खातों पर लियन मार्क लगाकर राशि निकालने पर रोक लगा दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर पुलिस की टीम 29 नवंबर को कोल्हापुर रवाना हुई और आरोपी को गिरफ्तार कर अमरावती लाया गया। अदालत में पेश करने पर पहले 3 दिन का पीसीआर मिला, बाद में आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश गुप्त रूप से जारी है। यह कार्रवाई साइबर थाने के पीआई महेंद्र अंभोरे के मार्गदर्शन में एपीआई अनिकेत कासार, हेड कॉन्स्टेबल विशाल यादव, अश्विन यादव और अनिकेत वानखड़े की टीम ने की। शेष राशि शिकायतकर्ता को लौटाने हेतु न्यायालयीन प्रक्रिया प्रगति पर है।
Created On :   3 Dec 2025 3:31 PM IST















