समस्या: जलसंकट से जूझ रहे बडनेरावासियों का फूटा गुस्सा, मांगों को लेकर जा धमके मजीप्रा पर

जलसंकट से जूझ रहे बडनेरावासियों का फूटा गुस्सा, मांगों को लेकर जा  धमके मजीप्रा पर
  • जलापूर्ति अत्यल्प होने से जरूरी पानी नहीं मिल रहा
  • संकट गहराने के पहले भी किया था आगाह
  • कोई ठोस उपाय योजना न होने से समस्या

डिजिटल डेस्क, अमरावती/बडनेरा। शहर के साथ ही उपनगर बडनेरा में भी जलापूर्ति की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। गर्मी की तीव्रता के कारण पहले ही पानी की जरूरत बढ़ जाती है। ऐसे मेें मजीप्रा की जलापूर्ति कम रहने तथा कई इलाकों में पीने के लायक भी पानी नहीं मिलने के कारण लोगों में जबरदस्त नाराजी व्याप्त है। इस बारे में तत्काल कदम उठाने की मांग की जा रही है। ऐसा नहीं होने पर तीव्र आंदोलन का मन बडनेरा के साथ-साथ अमरावती शहर के कई क्षेत्रवासियों ने भी बना लिया है। बडनेरा नई बस्ती क्षेत्र में पीने के पानी की समस्या से लोग कई महीने से त्रस्त हैं। उनके मुताबिक जलापूर्ति अत्यल्प होने से उन्हें जरूरी पानी नहीं मिल पाता है।

यही नहीं नल की धार इतनी बारीक रहती है कि एक बाल्टी पानी भरने के लिए उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है। इसकी कई बार शिकायत करने के बाद भी मजीप्रा की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया गया। कभी आंशिक जलापूर्ति होती है तो कभी नहीं होती है। पानी भरने का इंतजार करने वाली महिलाओं को इसकी सबसे अधिक परेशानी होती है। नलों के आने का कोई शेड्यूल नहीं है। जब आता है तो कई बार कम समय के लिए आता है, इस दौरान भी धार बारीक रहने से पानी नहीं हो पाता है।

इन सबसे परेशान होकर बुधवार 10 अप्रैल को प्रकाश बनसोड के नेतृत्व में मिल चाल क्षेत्र के नागरिकों और महिलाओं द्वारा महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण कार्यालय अमरावती के साथ संबंधित कार्यकारी अभियंता के कार्यालय पर पहुंचकर नागरिकों ने तीव्र नाराजी व्यक्त की। उनके मुताबिक बार-बार आग्रह करने के बाद भी आखिर इस समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। जल्द ही समस्या का निराकरण नहीं करने पर तीव्र आंदोलन की चेतावनी क्षेत्रवासियों ने दी है।

छाया कॉलोनीवासी भी परेशान : बडनेरा ही नहीं बल्कि अकोली रोड क्षेत्र के पुरुषोत्तम नगर, वल्लभ नगर, व्यास लेआऊट, छाया कॉलोनी, पार्वती नगर के साथ ही विभिन्न नगरों में भी पेयजल संकट से लोगों को जूझना पड़ रहा है। समय पर नल नहीं आना, आने के बाद धार बारीक रहना, जल्द चले जाने के साथ ही विभिन्न समस्याओं से जूझना पड़ता है। इससे पहले भी इसकी शिकायत कई बार करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। मजीप्रा द्वारा मार्च में बिल वसूली के लिए व्यापक अभियान छेड़ने के दौरान भी कई लोगों ने इस समस्या की जानकारी दी। लेकिन उस पर ध्यान नहीं दिया गया। नागरिकों ने इस समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की।

Created On :   11 April 2024 10:24 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story