- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- भंडारा
- /
- दीपोत्सव की छुटि्टयों में कम खर्च...
Bhandara News: दीपोत्सव की छुटि्टयों में कम खर्च में कर सकेंगे मनचाही यात्रा

- यात्रियों को रापनि ने दी दिवाली पर सौगात
- चार और सात दिवसीय पास की दरें घटाने के निर्णय से यात्रियों में हर्ष
Bhandara News महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम ने "जहां चाहें, यात्रा करें" योजना के तहत यात्रियों के लिए चार और सात दिवसीय पास की दरें कम करने का निर्णय लिया है। इससे यात्रियों को कम खर्च में आसान और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल सकेगा। यह योजना दिवाली की छुट्टियों के दौरान यात्रा के लिए सुविधाजनक होगी।
राज्य परिवहन निगम ने इससे पहले 24 जनवरी, 2025 से विभिन्न बस सेवाओं के किराए में वृद्धि की थी। इस वृद्धि से यात्रियों ने रोष व्यक्त किया था। कई यात्रियों ने किराए में कमी की मांग की थी। यात्रियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए, निगम ने 7 अक्टूबर की मध्यरात से नई दरें लागू कर दी हैं। निगम की यह योजना न केवल यात्रियों के लिए आर्थिक रूप से लाभदायक है। बल्कि इससे यात्रा की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। यात्रियों को बस सेवा अधिक सुविधाजनक और विश्वसनीय लगेगी। साथ ही, इस योजना से यात्रियों के लिए नियमित यात्रा के लिए पास प्राप्त करना और भी सुविधाजनक हो जाएगा।
साधारण बस सेवाओं की नई दरों के अनुसार वयस्कों के लिए चार दिनों के लिए 1 हजार 364 रुपए, बच्चों के लिए चार दिनों के लिए 685 रुपए, वयस्कों के लिए सात दिनों के लिए 2 हजार 382 रुपये और बच्चों के लिए सात दिनों के लिए 1 हजार 194 रुपये हैं। उदाहरण के लिए, नागपुर से पुणे के लिए एक टिकट की कीमत 1 हजार 247 रुपये है और चार दिन के पास का शुल्क 1 हजार 364 रुपये है। शिवशाही सीटिंग बस सेवाओं की नई दरों के अनुसार वयस्कों के लिए चार दिनों के लिए 1 हजार 818 रुपए, बच्चों के लिए चार दिनों के लिए 911 रुपए, वयस्कों के लिए सात दिनों के लिए 3 हजार 175 रुपए और बच्चों के लिए सात दिनों के लिए 1 हजार 590 रुपए है।
दिवाली की छुट्टियों में लाभदायी योजना : दिवाली की छुट्टियों में बहुत से लोग पर्यटन और तीर्थयात्रा पर जाते हैं। इस पास के माध्यम से यात्रियों को सस्ती और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध होगी। इस योजना के तहत, यात्री विभिन्न बस सेवाओं, तेज सेवाओं और अंतरराज्यीय सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे, जिससे यात्रा कार्यक्रम आसान और आरामदायक हो जाएगा।
सुरक्षित व आरामदायक यात्रा का लाभ उठायें यात्री : "जहां चाहें वहां यात्रा करें" योजना का लाभ उठाएं और यात्रा का अनुभव करें। राज्य परिवहन निगम की इस योजना से यात्रियों को यात्रा में पैसे की बचत होगी। समय की बचत होगी और वे आराम से यात्रा कर पाएंगे। तनुजा अहिरकर, विभाग नियंत्रक, भंडारा
Created On :   16 Oct 2025 12:54 PM IST