Bhandara News: मजदूरों की कमी से त्रस्त किसान ने बनाई खाद और कीटनाशक का छिड़काव करनेवाली मशीन

मजदूरों की कमी से त्रस्त किसान ने बनाई खाद और कीटनाशक का छिड़काव करनेवाली मशीन
  • फिर आवश्यकता बनी अविष्कार की जननी
  • गर्रा बघेड़ा ग्राम के प्रगतिशील किसान का अनूठा प्रयोग

Bhandara News तुमसर तहसील के ग्राम गर्रा बघेड़ा के शेतनिष्ठ पुरस्कार विजेता और प्रगतिशील किसान प्रकाश कोटिराम दुर्गे ने अपनी काबिलियत से स्वयं के खर्चे पर ट्रैक्टर को मॉडिफाई कर खाद और कीटनाशकों का छिड़काव करने वाली अनोखी मशीन का निर्माण किया है। यह मशीन खेती के कामों में आने वाली मजदूरों की कमी और बढ़ती मजदूरी की समस्या को खत्म करेगी। इससे किसान का समय भी बचेगा। पिछले कुछ वर्षों में किसानों को मजदूरी की कमी का सामना करना पड़ रहा है।

आज की परिस्थितियों में खेती करना दिन- प्रतिदिन कठिन होता जा रहा है। मजदूरी की दरें लगातार बढ़ रही हैं। रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों की कीमतें आसमान छू रही हैं। महंगाई ने किसानों की कमर तोड़ दी है। ऐसे हालात में गर्रा बघेड़ा के किसान प्रकाश कोटिराम दुर्गे ने ट्रैक्टर को मॉडिफाइड कर अनोखी मशीन बनाई। इस मशीन को बनाने की कल्पना तब आयी जब मजदूरों की कमी की समस्या से किसान दुर्गे जूझने लगे।

दुर्गे ने मराठवाड़ा के किसानों को इस तरह की मशीन का उपयोग करते हुए देखा था। जिसके चलते ट्रैक्टर को मॉडिफाइड करने के लिए सामान मंगवाया और तकनीकी ज्ञान के सहायता से घर में ही मशीन का इजाद किया। इसमें किसान को लगभग एक लाख 40 हजार रुपए का खर्च आया। जो किसान ने स्वयं किया। पूरे क्षेत्र के किसानों के सामने नई मिसाल पेश की है। उनकी यह सोच और नवाचार यह साबित करता है कि अगर हिम्मत और लगन हो तो किसान भी वैज्ञानिक की तरह नए प्रयोग कर सकता है। ग्राम बघेड़ा के इस प्रगतिशील किसान ने दिखा दिया है कि संकट चाहे कितना भी बड़ा क्यों नहीं हो, अगर संकल्प और जज्बा हो तो उसका सामना किया जा सकता है। प्रकाश दुर्गे की यह मशीन न सिर्फ किसानों के लिए राहत की किरण है बल्कि समाज के प्रेरणास्त्रोत भी हैं।

सरकार मदद करे तो अन्य किसान भी कर सकते हैं यह प्रयोग : आज खेती करना आसान नहीं रहा। मजदूरी और दाम बढ़ते जा रहे हैं। इसलिए स्वंय अपने ही खर्चे पर यह मशीन बनाई। सरकार किसानों को सब्सिडी देगी तो हर किसान तक यह सुविधा पहंुच पाएगी। कोई किसान कर्ज़ और तंगी से मजबूर होकर आत्महत्या करने पर विवश नहीं होगा। -प्रकाश कोटिराम दुर्गे मशीन निर्माता किसान



Created On :   22 Aug 2025 3:38 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story