MP News: रेलवे मजदूर संघ ने कर्मचारियों की सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा अधिकारों की उठाई मांग

रेलवे मजदूर संघ ने कर्मचारियों की सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा अधिकारों की उठाई मांग

भोपाल। वेस्ट सेंट्रल रेलवे (डब्ल्यूसीआर) मजदूर संघ की डीओएम शाखा की शुक्रवार को आयोजित बैठक में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, विशेषकर 8वें वेतन आयोग, सामाजिक सुरक्षा और कार्यस्थल सुरक्षा पर गंभीर चर्चा हुई। बैठक में संघ ने कर्मचारियों के हितों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

मंडल अध्यक्ष आर.के. शर्मा ने कहा कि रेलवे के निजीकरण की नीतियों और कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (ओल्ड पेंशन स्कीम) का लाभ नहीं मिलने से कर्मचारियों में व्यापक असंतोष है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी लगातार अपने सामाजिक सुरक्षा अधिकारों की मांग कर रहे हैं, लेकिन रेलवे प्रशासन इस विषय पर अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखा रहा है, जिससे कर्मचारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

बैठक में नागदा खंड में इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों के साथ हुई दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए आक्रोश भी जताया गया। संघ पदाधिकारियों ने दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही रेलवे प्रबंधन से कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी और ठोस कदम उठाने का आग्रह किया गया।

पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में डब्ल्यूसीआर में नियमित सुरक्षा ऑडिट, कर्मचारियों के लिए सतत प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता अत्यंत जरूरी है। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने कर्मचारी हितों, वेतन एवं पेंशन संबंधी मांगों तथा सुरक्षा के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

मुख्य शाखा सचिव अनिरुद्ध सोनी ने बताया कि संघ ने रेलवे प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इस दिशा में कोई भी कोताही गंभीर चिंता का विषय है।

Created On :   5 Jun 2026 8:38 PM IST

Tags

Next Story