- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- सीएम यूथ कॉन्क्लेव में आरएनटीयू और...
CM Youth Conclave: सीएम यूथ कॉन्क्लेव में आरएनटीयू और एसजीएसयू के 1000 से अधिक विद्यार्थी हुए शामिल, युवाओं को खेती से लेकर AI तक दिखाए गए भविष्य के अवसर

भोपाल। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 में आईसेक्ट समूह की रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय और स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के 1000 से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए। दोनों विश्वविद्यालयों ने कॉन्क्लेव में अपने स्टॉल लगाए। यहां विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ नवाचार और रोजगार की नई संभावनाओं से परिचित कराया गया। कार्यक्रम में छात्रों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से संवाद किया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने विज्ञान, उद्यमिता, कृषि, मानसिक स्वास्थ्य और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़े प्रयोगों और प्रदर्शनों को भी देखा। इस मौके पर सीएम ने टैगोर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति को भी देखा और खूब तारीफ की।
कार्यक्रम में आईसेक्ट समूह की ओर से आरएनटीयू के उपकुलसचिव समीर चौधरी ने समन्वयक एवं नोडल अधिकारी के रूप में विश्वविद्यालयों की भागीदारी और व्यवस्थाओं के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में आरएनटीयू के कुलगुरु डॉ. आर.पी. दुबे, रजिस्ट्रार डॉ. संगीता जौहरी, प्रो-वाइस चांसलर संजीव गुप्ता, डॉ. ऋत्विक चौबे, डॉ. प्रीति सिंह, एसजीएसयू से डॉ. वीके गुप्ता, डॉ. विनोद शर्मा सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
आरएनटीयू के स्टॉल ने खींचा विद्यार्थियों का ध्यान
आईसेक्ट समूह की आरएनटीयू के स्टॉल पर विज्ञान केंद्र की गतिविधियों, अटल इनक्यूबेशन सेंटर, कृषि एवं खाद्य नवाचार और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी प्रस्तुतियां प्रमुख रहीं। विज्ञान केंद्र की ओर से विद्यार्थियों को दूरबीन से आकाश दर्शन, अंतरिक्ष जागरूकता और विज्ञान के व्यावहारिक प्रयोगों की जानकारी दी गई। वहीं अटल इनक्यूबेशन सेंटर के माध्यम से स्टार्टअप, प्रोटोटाइप निर्माण, ड्रोन कार्यक्षेत्र और उद्यमिता से जुड़ी गतिविधियां प्रदर्शित की गईं।
कृषि एवं खाद्य नवाचार खंड में अलग-अलग फसलों और उनकी किस्मों को प्रदर्शित किया गया। जैविक खेती, जैविक खाद, मिट्टी-पानी जांच और खाद्य प्रसंस्करण की जानकारी भी दी गई। इससे विद्यार्थियों को कृषि में विज्ञान और तकनीक के उपयोग को समझने का अवसर मिला।
आरएनटीयू के स्टॉल पर मानसिक स्वास्थ्य और मानसिक कल्याण को भी विशेष स्थान दिया गया। आत्म-जागरूकता, सकारात्मक सोच, रिश्ते, तनाव से निपटने की क्षमता, स्वस्थ आदतें, लक्ष्य निर्धारण और समय प्रबंधन जैसे विषयों को सरल तरीके से प्रस्तुत किया गया।
कौशल रथ में विद्यार्थियों ने देखी कृत्रिम बुद्धिमत्ता की दुनिया
कार्यक्रम में आईसेक्ट की ‘कौशल रथ’ बस भी आकर्षण का केंद्र रही। सीएम ने भी बस का निरीक्षण कर खूब सराहना की। वहीं, राष्ट्रीय कृत्रिम बुद्धिमत्ता साक्षरता कार्यक्रम से जुड़ी इस बस में विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता और भविष्य के कौशल से भी परिचित कराया गया। कार्यक्रम में पहुंचे कई विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों ने बस के भीतर जाकर इसकी गतिविधियों और तकनीकी प्रस्तुतियों को देखा।
एसजीएसयू के छात्र ने मुख्यमंत्री से पूछा सवाल
कॉन्क्लेव में एसजीएसयू के छात्र लक्ष्य श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सीधे संवाद किया। लक्ष्य ने मध्यप्रदेश में युवाओं के बढ़ते खेल रुझान और प्रदेश को खेल केंद्र बनाने की दिशा में सरकार के प्रयासों पर सवाल किया।
मुख्यमंत्री ने भोपाल में बन रहे बड़े खेल परिसर, स्कूलों में खेल को विषय के रूप में शामिल करने और विधानसभा क्षेत्रों में खेल मैदान विकसित करने की बात कही। उन्होंने वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने की भी जानकारी दी।
कबीर कैफे और जुबिन नौटियाल ने बांधा समां
कार्यक्रम में ज्ञान और संवाद के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। कबीर कैफे की प्रस्तुति ने युवाओं को संगीत की अलग रंगत से जोड़ा। इसके बाद गायक जुबिन नौटियाल ने अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में जमकर लुत्फ उठाया। कार्यक्रम में दोनों विश्वविद्यालयों के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
Created On :   6 Oct 2026 7:48 PM IST












