MP News: अतीत की सरकारों ने 100 बार संविधान के मूल भावों के साथ तोड़फोड़ की- मुख्यमंत्री

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। मप्र विधानसभा परिसर, भोपाल में गुरुवार को संविधान दिवस उत्सव में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि गांधी परिवार की चार- पांच पीढ़ियों ने संविधान के साथ जो व्यवहार किया, वो सबके साथ है। कांग्रेस ने लगभग 90 बार चुनी हुई सरकार को बर्खास्त करने और लगभग 100 बार संविधान में संशोधन किया। अतीत में लगभग 100 बार संविधान संशोधन और लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त कर मूल भाव को तोड़ने और मरोड़ने का काम किया गया।
इसी के साथ आपातकाल के माध्यम से संविधान की हत्या करने की कोशिश की गई। वर्तमान नेता प्रतिपक्ष (राहुल गांधी) द्वारा संसद में संविधान के अनुरूप पारित बिल को फाड़ने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि हमारे संविधान में इंडिया शब्द को भारत शब्द करने में मप्र के सेठ गोविंददास और हरिविष्णु कामत का योगदान रहा। उस दौरान मध्य भारत प्रांत निर्माण कर देश का नाम भारत करने में राज्य के नेताओं का बड़ा योगदान रहा। कामत जी ने मौलिक अधिकारों और हरिसिंह गौर ने 1921 में सर्वोच्च न्यायालय भारत में स्थापित करने की लड़ाई लड़ी। डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के निर्णयों को लागू करने एवं जम्मू कश्मीर से धारा-370 हटाने का काम किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के हाथ में संविधान की प्रति देखकर लगता है चलनी कहे सूप से कि देख तेरे में छेद है। उन्होंने आपातकाल, शाहबानो प्रकरण और 1988 के प्रेस अधिनियम का उल्लेख कर सवाल उठाए। उन्होंने जबलपुर के त्रिपुरी अधिवेशन का उल्लेख करते हुए कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस के कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने के बाद तत्कालीन नेतृत्व ने उन्हें इस्तीफा देने और पार्टी छोड़ने के लिए मजबूर किया था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस आज के प्रदर्शन के बहाने शायद उसी का पश्चाताप कर रही होगी।
डॉ यादव ने कहा कि संविधान की उद्देशिका में दिनांक और विक्रमी का उल्लेख है। संविधान सभा ने विक्रम संवत को स्वीकार किया था, लेकिन 1955 में बाहर से एक समिति बनाकर तय कर दिया गया कि विक्रम संवत की जगह शक संवत को अपनाया जाएगा। संविधान में विक्रम संवत को क्यों छोड़ दिया गया। संविधान की किसी प्रक्रिया को लागू किए बिना 35 ए लागू किया गया। संविधान की प्रक्रिया को पूर्ण किए बिना ये संशोधन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उस दौर के व्यक्तियों की संविधान के प्रति आस्था को बताता है। आपातकाल के दौरान भी संविधान की व्यवस्था को छिन्न-भिन्न किया गया। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने अथक संघर्ष किया और हंसते हुए फांसी को चूमा। संविधान रूपी ग्रंथ से हम देश के करोड़ों लोगो की सेवा कर रहे हैं। इस दौरान संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
Created On :  
