एसआईआर: प्रदेश में अब 72 हजार 36 मतदान केंद्र, 21 केंद्र डिलिट किए, 6 लाख वोटर्स बढ़ें

प्रदेश में अब 72 हजार 36 मतदान केंद्र, 21 केंद्र डिलिट किए, 6 लाख वोटर्स बढ़ें

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। मप्र में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (एसआईआर) के तहत गुरुवार को प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप फोटो निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया गया। इसको लेकर राज्य एवं जिला स्तर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोग ने मीटिंग की। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने बताया कि पार्टियों के प्रतिनिधियों को फोटो रहित निर्वाचक नामावली की सॉफ्ट कॉपी हार्ड डिस्क में दी गई।

मतदान केंद्रों का भी युक्तियुक्तकरण किया गया। इसके तहत प्रदेश में 127 नए मतदान केंद्र जोड़े गए हैं, जबकि 21 मतदान केंद्र डिलिट किए गए हैं। प्रदेश में अब कुल मतदान केंद्रों की संख्या 72 हजार 36 हो गई है। एसआईआर-2027 के प्रकाशन के बाद दावे-आपत्तियां 11 दिसंबर तक लिए जाएंगे। इसके लिए 21 और 22 नवंबर और 5-6 दिसंबर को विशेष अभियान चलाए जाएंगे। दाव-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा। प्रदेश में अब कुल मतदाता 5 करोड़ 48 लाख 71 हजार 158 हो गए। 1 अक्टूबर 2026 की स्थिति में यह संख्या 5 करोड़ 42 लाख 62 हजार 169 थी। इस अवधि में करीब 6.09 लाख मतदाता बढ़ें।

1 जनवरी को 18 साल के होने पर जुड़वा सकेंगे नाम

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानकर मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया गया है। ऐसे युवा, जिनकी उम्र 1 जनवरी 2027 को 18 साल पूरी हो जाएगी, वे भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए बूथ लेवल ऑफिसर से संपर्क करना होगा। साथ ही वोटर हेल्पलाइन ऐप और निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in से ऑनलाइन भी आवेदन किए जा सकेंगे।

Created On :  

Tags

Next Story