- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- चंद्रपुर
- /
- अनोखा प्राकृतिक चमत्कार, चंद्रपुर...
Chandrapur News: अनोखा प्राकृतिक चमत्कार, चंद्रपुर की धरा पर उतरे प्रकृति के प्रहरी

Chandrapur News चंद्रपुर की धरा इन दिनों एक अनोखे प्राकृतिक चमत्कार की साक्षी बन रही है। इरई नदी के विस्तीर्ण तट पर हजारों की संख्या में वायर टेल्ड स्वलो (स्थानीय नाम माल भिंगरी या तार वाली भिंगरी का विशाल झुंड दिखाई दे रहा है। अपनी सुंदरता और तेज उड़ान के लिए प्रसिद्ध ये पक्षी न केवल देखनेवालों को मोहित कर रहे हैं, बल्कि किसानों के लिए प्राकृतिक रक्षक बनकर भी सामने आए हैं। ये पक्षी हवा में उड़ते समय ही कीटों को चट कर फसलों की रक्षा करते हैं।
सुंदरता और उपयोगिता का अनूठा संगम : गौरैया जैसे आकार वाले ये नन्हे पक्षी पूरे दिन आसमान में मंडराते रहते हैं। जैसे ही कोई उड़ता हुआ कीट इनके सामने आता है, ये उसे हवा में ही पकड़कर खा लेते हैं। इनकी पहचान उनकी तार जैसी लंबी और नुकीली पूंछ से होती है, इसी कारण इन्हें "वायर टेल्ड स्वलो' कहा जाता है। इनका रंग मन मोह लेने वाला है, गहरी नीली चमकदार पीठ, सफेद सीने पर केसरिया-जामुनी आभा और लालिमा लिए सिर जो इनकी सुंदरता को अद्भुत बनाता है। इनका वैज्ञानिक नाम हिरूंदो दौरीका है।
चहचहाट से गूंज रहा इरई नदी का तट : दिनभर उड़ान और शिकार के बाद शाम ढलते ही ये पक्षी बिजली के तारों पर कतारबद्ध होकर बैठते हैं। सुबह भी इन्हें तारों पर धूप सेंकते देखा जा सकता है। इनके छोटे और नाजुक पैर इन्हें पतली डालियों पर भी समूह में बैठने देते हैं। इनकी मधुर चहचहाट से नदी का किनारा इन दिनों संगीतमय हो उठा है। प्रकृति प्रेमी इस मनमोहक दृश्य को कैमरे में कैद करने के लिए तट पर उमड़ रहे हैं।
किसानों के लिए वरदान : कीटों की संख्या बढ़ने से जहां फसलें खतरे में पड़ जाती हैं, वहीं वायर टेल्ड स्वलो का एक झुंड ही हजारों कीटों को चट कर देता है। यही कारण है कि किसान इन्हें अपने प्राकृतिक साथी और रक्षक मानते हैं।
Created On :   11 Dec 2025 2:44 PM IST















