Chhindwara News: तीन मौतें..जहर के सेवन से दो लोगों की मौत, सड़क हादसे में युवक ने गंवाई जान

तीन मौतें..जहर के सेवन से दो लोगों की मौत, सड़क हादसे में युवक ने गंवाई जान
  • बिछुआ, चौरई और परासिया थाना क्षेत्र की घटनाएं
  • तीनों प्रकरणों में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

Chhindwara News: जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्र में सड़क हादसे और जहर के सेवन से तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक युवती भी शामिल है। बिछुआ थाना क्षेत्र के आमटीटोला के एक युवक ने जहर का सेवन कर लिया था। जिला अस्पताल से नागपुर ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई। दूसरी घटना चौरई थाना क्षेत्र की है।

यहां एक युवती ने जहर का सेवन कर लिया था। लम्बे समय तक चले इलाज के बाद भी उसकी जान नहीं बच पाई। तीसरा मामला परासिया थाना क्षेत्र का है। यहां सड़क हादसे में घायल युवक की मौत हो गई। तीनों प्रकरणों में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

जहर से युवक की मौत-

अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि बिछुआ के ग्राम आमटीटोला निवासी राहुल पिता मनक भलावी ने अज्ञात कारणों के चलते 23 जून को जहर का सेवन कर लिया था। परिजनों ने उसे बिछुआ अस्पताल लाकर भर्ती कराया था। प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया था। जिला अस्पताल में इलाज के बाद हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे नागपुर रेफर किया था। गुरुवार को नागपुर ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई।

युवती ने पिया जहर, मौत-

अस्पताल चौकी पुलिस के मुताबिक चौरई थाना क्षेत्र की 18 वर्षीय युवती ने बीती 11 जून को जहर पिया था। जिला अस्पताल में दो दिन चले इलाज के बाद परिजन उसे घर ले गए थे। 17 जून को हालत बिगड़ने पर उसे वापस अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया था। यहां से उसे नागपुर रेफर किया गया था। नागपुर से लाने के बाद दोबारा उसकी हालत बिगड़ने पर गुरुवार को परिजनों ने जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया था। यहां इलाज के दौरान शुक्रवार शाम को उसकी मौत हो गई।

सड़क हादसे में युवक की मौत-

देहात पुलिस ने बताया कि तामिया के ढोलतिया निवासी 26 वर्षीय राजेश पिता जुगनलाल भारती बुधवार को अपने दोस्त संतकुमार भारती के साथ जुन्नारदेव आया था। शाम को दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। न्यूटन चौकी क्षेत्र के अनखावाड़ी गांव के समीप वे सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में राजेश और संतकुमार को गंभीर चोट आई थी। परिजनों ने राजेश को निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

Created On :   28 Jun 2025 12:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story