- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- ट्रैफिक सिग्नल की अनदेखी कर फर्राटा...
जबलपुर न्यूज: ट्रैफिक सिग्नल की अनदेखी कर फर्राटा भर रहीं काली फिल्म और सफेद एलईडीयुक्त हेडलाइट वाली कारें

डिजिटल न्यूज जबलपुर।
शहर के प्रमुख तिराहों व चौराहों पर लगे ट्रैफिक सिग्नल्स की अनदेखी करते हुए काली फिल्म और सफेद एलईडीयुक्त हेडलाइट वाली कारें आसानी से दौड़ती देखी जा सकती हैं। इस दौरान तमाम चौराहों पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के जवान सबकुछ देखकर भी मूकदर्शक बने रहते हैं। इसी के चलते संबंिधत अधिकारियों की चुप्पी पर भी कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। रोजाना इन वाहनों की धमाचौकड़ी को देखकर आम शहरवासी भी खासे आक्रोशित हैं। उन्होंने आरटीओ व ट्रैफिक पुलिस से नियमित अभियान चलाकर काली फिल्म व सफेद एलईडीयुक्त हेडलाइट वाली कारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग भी की है।
सड़कों पर छोटे-बड़े वाहनों की बढ़ती तादाद व हादसों की रोकथाम के लिए शहर के बंदरिया तिराहा, तैयब अली चौक, लेबर चौक, घमापुर चौराहा, गोहलपुर, अधारताल, रद्दी चौकी, तीन पत्ती चौक, ब्लूम चौक और नौदरा ब्रिज सहित 18 प्रमुख तिराहों व चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल्स लगाए गए हैं। नगर निगम के अलावा यातायात पुलिस और स्मार्ट सिटी द्वारा स्थापित इन सिग्नल्स का पालन छोटे-बड़े सभी वाहन चालकों को करना चाहिए लेकिन आम लोग तो इन सिग्नल्स को पूरा सम्मान देते हैं पर काली फिल्म व सफेद हेडलाइटयुक्त हेडलाइट वाले चार-पहिया वाहन चालक इन रेड सिग्नल्स की तनिक भी परवाह नहीं करते हैं।
जानकारों की मानें तो काली फिल्म व सफेद एलईडी वाली हेडलाइट अधिकांश तौर पर रसूखदारों के चार-पहिया वाहनों में ही लगी होती हैं। यही वजह है कि सुबह 9 बजे से लेकर देर रात्रि तक इन वाहनों के ड्राइवर तथा मालिकों द्वारा तमाम यातायात नियमों की अनदेखी कर रेड सिग्नल्स होने पर भी अपनी गाड़ियां तेज गति से आगे निकाल ली जाती हैं। उनकी इन्हीं हरकतों के कारण अनेक बार तो सड़क हादसे भी सामने आ जाते हैं लेकिन इसके बावजूद संबंिधत कार चालकों द्वारा बिना किसी की परवाह किए बिना अपने चार-पहिया वाहन मनमाने ढंग से दौड़ाए जाते हैं।
इस बीच आम लोगों का आरोप है कि काली फिल्म लगी कारें और नियमों के विपरीत सफेद एलईडी युक्त हेडलाइट वाले वाहन सड़कों पर बेखौफ दौड़ते रहते हैं लेकिन तमाम चौराहों व तिराहों पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के जवान सबकुछ देखकर भी खामोश बने रहते हैं। ऐसे में कई तरह के संदेह लोगों के मन में घर करने लगते हैं और वे यही समझ नहीं पाते हैं कि आखिरकार ट्रैफिक पुलिस के जवान ट्रैफिक व मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन करने वाले लोगों पर कार्रवाई क्यों नहीं करते हैं।
शहरभर में िजस तरह से काली फिल्म और सफेद एलईडीयुक्त हेडलाइट वाली कारें फर्राटा भरकर नियमों का मखौल उड़ा रही हैं। उसे देखते हुए आरटीओ एवं यातायात पुलिस को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर नियमित कार्रवाई करना जरूरी है। यदि संबंिधत जिम्मेदार ऐसा करते हैं तभी बेलगाम हो चुके काली फिल्म व सफेद हेडलाइट वाले चार-पहिया वाहन चालकों पर कुछ नकेल कसी जा सकेगी। इस संबंध में डीएसपी ट्रैफिक बैजनाथ प्रजापति का कहना है कि आरटीओ से चर्चा कर जल्द ही सभी तिराहों व चौराहों पर पुलिस चेकिंग जरूर शुरू की जाएगी।
Created On :   16 July 2026 3:31 PM IST












