जबलपुर: सालों से बस चर्चा में है पश्चिम-मध्य को जोड़ने वाला धनवंतरी नगर ओवर ब्रिज

सालों से बस चर्चा में है पश्चिम-मध्य को जोड़ने वाला धनवंतरी नगर ओवर ब्रिज
  • पाँच साल पहले प्लान बना पर इसको भुला दिया गया, सगड़ा रेल ब्रिज भी अटका
  • नेशनल हाईवे अथाॅरिटी ऑफ इण्डिया के बीच सामंजस्य से बनाया जाना है।
  • रेल पाँतों के ऊपर ब्रिज बनाने की माँग वर्षों से की जा रही है।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर के पश्चिमी हिस्से यानी धनवंतरी नगर से मध्य हिस्सा विजय नगर को जोड़ने के लिए रेल पाँतों के ऊपर ब्रिज बनाने की माँग वर्षों से की जा रही है। बीते पाँच साल पहले इसके लिए कोशिश भी हुई पर कुछ दिनों बाद इसको भुला दिया गया।

इस आरओबी को बनाने को लेकर बस चर्चा होती है लेकिन पूरी शिद्दत के साथ प्रयास नहीं हो सके। बीते दिनों हालांकि राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकी ने इसके लिए सदन में माँग उठाई जिसको लेकर लोगों में कुछ उम्मीद जागी है।

धनवंतरी नगर से विजय नगर रेल ब्रिज कभी कागजों से बाहर नहीं आ सका, तो सगड़ा रेल ब्रिज के लिए 52 करोड़ राशि स्वीकृति के बाद भी मामला आगे नहीं बढ़ सका और अब तक भोपाल में अटका हुआ है।

जानकारी के अनुसार इस संरचना के लिए अभी भोपाल से फाइनल एनओसी नहीं मिल सकी। जब यह अंतिम स्वीकृति मिलेगी तो इसका टेण्डर निकाला जाएगा। वैसे कई महीनों से इसका इंतजार किया जा रहा है। अब कहा जा रहा है कि इसको इसी वित्तीय वर्ष में निर्माण की प्रक्रिया तक लाया जा सकता है।

लंबे समय से इंतजार है - क्षेत्र के लोगों का कहना है कि धनवंतरी नगर को विजय नगर एरिया से जोड़ने के लिए रेल पाँतों के ऊपर एक आरओबी बनाने की माँग लंबे समय से की जा रही है लेकिन यह मामला भी सालों से पेंडिंग है।

यह आरओबी तो चर्चा के बाद प्लान से बाहर नहीं आ सका है। इसको लेकर क्षेत्र की जनता माँग उठा रही है कि इसका निर्माण किया जाए, ताकि विजय नगर एरिया को एक ब्रिज के माध्यम से मेडिकल काॅलेज अस्पताल, धनवंतरी नगर व आसपास काॅलोनियों से सहजता से जोड़ा जा सके।

दोनों के बनने से आना-जाना सहज होगा

सगड़ा रेल ब्रिज यदि बनता है तो अभी लम्हेटा चौराहा पर जो हादसे होते हैं उनको काफी हद तक रोका जा सकता है। हाईवे के इस चौराहे पर हर तरफ से आने वाले वाहनों के बीच लोगों का निकल पाना चुनौतीपूर्ण होता है।

सगड़ा रेल ब्रिज को सगड़ा के इस हिस्से में रेल पाँतों के पहले से चौराहे को क्राॅस करते हुये उस पार लम्हेटा रोड तक बनना है। इसको रेलवे, लोक निर्माण सेतु और नेशनल हाईवे अथाॅरिटी ऑफ इण्डिया के बीच सामंजस्य से बनाया जाना है।

धनवंतरी नगर से विजय नगर तक के आरओबी के बनने से दो हिस्सों की लाखों की आबादी का आना-जाना आसान होगा। अभी घूमकर या हाईवे से जाना होता है। आरओबी निर्माण से बेहतर, सुलभ रास्ता मिल सकेगा।

Created On :   13 Feb 2024 10:01 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story