Jabalpur News: दो घंटे पहले ही घरवालों से बात हुई थी, कहा था बस..शाम तक पहुंचते हैं, किसे पता था अब कभी नहीं लौटेंगे

दो घंटे पहले ही घरवालों से बात हुई थी, कहा था बस..शाम तक पहुंचते हैं, किसे पता था अब कभी नहीं लौटेंगे
युवा व्यापारियों की मौत से तीन परिवारों में छाया मातम, पत्नी व बच्चाें का रो-रोकर बुरा हाल

Jabalpur News: जिन घर में बुधवार की दोपहर तक पति और पिता के लौटने की खुशियां तैर रही थीं वहां अब आंसुओं के समंदर के सिवा कुछ और नहीं है। बच्चे बेहाल हैं। पत्नी बेसुध है। दुखों के पहाड़ तले सिसकते ऐसे तीन परिवार हैं जिनकी दुनिया चंद मिनटों में उजड़ गईं। नागपुर से लौटते वक्त तीनों युवा व्यापारियों ने अपने परिवार से फोन पर कहा था, बस शाम तक पहुंचते हैं। मासूम बच्चे अब सिर्फ एक रट लगाए हुए हैं कि उनके पापा कब घर लौटेंगे? नागपुर-जबलपुर हाईवे पर हुए हादसे मेें मृत शहर के तीनों युवा व्यापारी होटल कारोबार के सिलसिले में नागपुर गए थे। दो दिन वहां रुकने के बाद नागपुर से रवाना होते ही तीनों ने अपने परिजनों से बात की थी।

वे रात तक शहर लौटने वाले थे लेकिन दो घंटे बाद ही उनकी सड़क हादसे में मौत होने की खबर परिजनों को लगी। व्यापारियों की मौत से परिजन सदमे में व उनकी जान पहचान के लोग स्तब्ध हैं। देर रात तक मृतकों के घरों में उनके रिश्तेदारों व करीबियों का तांता लगा रहा। वहीं बड़ी संख्या में करीबी व रिश्तेदार नागपुर रवाना हुए।

आस्ट्रेलिया से पढ़ाई कर लौटी है बेटी, बेटा आरूष भी गहरे सदमे में

हादसे में मृत तिलहरी निवासी अमित अग्रवाल की मौत की खबर सुनते ही पत्नी शिखा बेहोश हो गई। बेहोशी की हालत में वह बार-बार अपने पति को पुकार रही है। वहीं बेटी अक्षिता और बेटा आरूष भी सदमे में हैं। करीबियों ने बताया कि अमित ने अपनी बेटी अक्षिता को पढ़ाई के लिए आस्ट्रेलिया भेजा था। करीब एक माह पहले ही वह पढ़ाई कर आस्ट्रेलिया से वापस लौटी थी। पिता की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

बच्चे पूछ रहे पापा को क्या हुआ

गोरखपुर निवासी कपिल साहनी की मौत की खबर लगते की पत्नी चारू साहनी बेसुध हो गई और उसका रो-रोकर बुरा हाल है। उसे अपने पति की मौत का भरोसा नहीं हो रहा है। वहीं कपिल के बच्चे सार्थक उम्र 15 वर्ष व सिद्धि उम्र 12 वर्ष अपनी मां से पूछ रहे हैं कि उनके पिता को क्या हो गया है। वे अब भी यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि उनके पापा अब इस दुनिया में नहीं हैं। पत्नी व बच्चों की हालत देखकर करीबी रिश्तेदार उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं। मौके पर मौजूद हर किसी की आंखें नम और मन दुखित नजर आ रहा था।

पत्नी से कहा- शाम को लौट आएंगे

इस दर्दनाक हादसे में मृत जसूजा सिटी निवासी संदीप सोनी की पत्नी प्रीति का रो-रोकर बुरा हाल है। बदहवासी में वह एक ही रट लगाए है कि उसकी अपने पति से दोपहर में नागपुर से निकलते समय बात हुई थी और उन्होंने बताया था कि वे देर शाम तक वापस शहर लौट आएंगे। हम सब उनके लौटने की राह देख रहे थे और सोचा था रात को साथ में बैठकर खाना खाएंगे, लेकिन उनकी मौत की खबर से परिवार बिखर गया है। संदीप की 18 वर्षीय बेटी सान्या को भी भरोसा नहीं हो रहा है कि उसके पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं। उसके सिर से भी पिता का साया उठ गया है।

Created On :   30 Oct 2025 6:26 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story