Jabalpur News: संपत्ति कर को लेकर निगम और उद्योगपतियों में गतिरोध बरकरार

संपत्ति कर को लेकर निगम और उद्योगपतियों में गतिरोध बरकरार
निगमायुक्त से मिलकर महाकौशल उद्योग संघ ने रखे कानूनी पहलू

Jabalpur News: संपत्ति कर को लेकर नगर निगम और उद्योगपतियों के बीच गतिरोध बरकरार है। बुधवार को महाकौशल उद्योग संघ ने निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार से मुलाकात कर कानूनी पहलू रखे, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया। 30 अक्टूबर को फिर से निगमायुक्त के साथ बैठक आयोजित की जाएगी।

महाकौशल उद्योग संघ के अध्यक्ष डीआर जेसवानी ने बताया कि नगर निगम द्वारा आए दिन औद्योगिक इकाइयों को सम्पत्ति कर का भुगतान करने के लिए नोटिस दिया जा रहा है, जबकि औद्योगिक इकाइयों को संपत्ति कर से मुक्त रखा गया है। नगर निगम द्वारा रिछाई में एक उद्योग को लक्ष्य बनाकर 98 लाख रुपए संपत्ति कर जमा करने का दबाव बनाया गया। इकाई द्वारा हाईकोर्ट में प्रकरण दायर किया गया। हाईकोर्ट ने जिला न्यायालय में वाद दायर करने की सलाह देकर प्रकरण खारिज कर दिया।

इसके बाद नगर निगम ने फिर से नोटिस जारी कर तीन दिन में कर जमा नहीं करने पर कुर्की की कार्रवाई करने की चेतावनी दी। इस मामले में संघ के अध्यक्ष श्री जेसवानी ने भोपाल स्थित उद्योग विभाग के मुख्यालय में उद्योग आयुक्त से दूरभाष से चर्चा कर पूरी जानकारी दी। उद्योग आयुक्त ने बताया कि शासन द्वारा शीघ्र ही उद्योगों के पक्ष में निर्णय लिया जा रहा है।

इसके बाद उद्योग संघ के प्रतिनिधियों ने निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के साथ बैठक की। निगमायुक्त को बताया गया कि उद्योग आयुक्त के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार शीघ्र ही उद्योगों के पक्ष में शासन से आदेश जारी होने वाला है। इस मौके पर डीआर जेसवानी, अशोक परियानी, प्रवीण कुमार शर्मा, अर्चना भटनागर, एनके श्रीवास्तव, भूपेन्द्र सिंह सरोवा, विकास साहनी, मुकेश जैन, विकास मित्तल, केके गुप्ता, भानु शुक्ला, सनी सिंह, सतीश मुलतानी, सुरेश जैन और अभिषेक शुक्ला मौजूद थे।

Created On :   30 Oct 2025 6:20 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story